जयपुर। लोकसभा चुनाव में राजस्थान की सभी 25 सीटों पर भाजपा की प्रचंड जीत के बाद कांग्रेसी खेमे में खलबली मची हुई है। हार के कारणों की समीक्षा के लिए जयपुर से दिल्ली तक कांग्रेसी नेताओं का आना-जाना लगा हुआ है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, चुनाव प्रभारी अविनाश पाण्डे, सह प्रभारी विवेक बंसल सहित सभी नेताओं को दिल्ली तलब कर सवाल-जवाब कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस आलाकमान को राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से ज्यादा सीटों की उम्मीद थीं। लेकिन परिणाम में 25-0 से हार के बाद राहुल नाराज नजर आ रहे हैं।

मीडिया के विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में हुई बैठक के बाद कमेटी ने राजस्थान में इस बड़ी हार का ठीकरा सचिन पालयट पर फोड़ा है। अंदरखाने खबर है कि राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते संगठन को चुनाव में मजबूती से उतारने की जिम्मेदारी सचिन पायलट की थी। लेकिन पायलट ने इस और ध्यान देने की बजाय सीएम गहलोत की पुत्र-मोह वाली कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना जारी रखा। बताया जा रहा है कि पायलट के इस रवैये से नाराज राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सचिन को सत्ता या संगठन में से कोई एक विकल्प चुनने का निर्देश दिया है। जिसके परिणामस्वरूप अनुमान लगाया जा रहा है कि सचिन पालयट अब राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष व उप मुख्यमंत्री में से किसी एक पद से जल्द ही इस्तीफा दे सकते हैं।