news of rajasthan
वसुन्धरा राजे, मुख्यमंत्री राजस्थान
news of rajasthan
वसुन्धरा राजे, मुख्यमंत्री राजस्थान

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे एक अगस्त से राजस्थान में चुनावी रथयात्रा सुराज गौरव यात्रा निकालेगी। राजे को चुनावी रथयात्रा की सहमति दिल्ली से मिली है जिसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से सहमति दे दी। मुख्यमंत्री की रथयात्रा से पहले अमित शाह खुद राजस्थान के दौरे पर आएंगे और चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। अमित शाह का राजस्थान दौरा पहले मई में प्रस्तावित था लेकिन किन्हीं कारणों से इसे रद्द कर दिया गया था। चुनावी रथयात्रा के संबंध में मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे सहित भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी, संगठन मंत्री चंद्रशेखर, राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री वी.सतीश दिल्ली में अमित शाह से मिलने पहुंचे थे।

सुराज रथयात्रा कुल 40 दिन की होगी जिसमें मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे प्रदेश के हर क्षेत्र में यात्रा के जरिए भाजपा को फिर से सत्ता में लाने की जनता से अपील करेगी। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर सभाएं व जनसंवाद भी होगा। हालांकि अभी यह तय होना बाकी है कि यात्रा की शुरुआत कहां से होगी। मुख्यमंत्री की यात्रा का कार्यक्रम एक-दो दिन में फाइनल कर लिया जाएगा। यात्रा कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद की जाएगी।

शाह से बैठक के बाद मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने प्रदेश की महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर केन्द्रीय वित्त मंत्रालय व जल संसाधन मंत्रालय के अफसरों से बातचीत करने के लिए प्रदेश के अफसरों को भी दिल्ली बुलाया था।

इस मौके पर बात करते हुए राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी में कुछ फेरबदल किए जाने हैं। आने वाले चुनावों को लेकर जल्दी ही संचालन समिति बनाई जाएगी जिसके लिए संभावित नामों की चर्चा बैठक में की गई है। बता दें, प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद सैनी की शाह से यह पहली मुलाकात रही। शाह से बैठक के बाद मदनलाल सैनी और वी.सतीश व चंद्रशेखर के साथ ओम माथुर से मिलने उनके घर पहुंचे। यहां पर भी प्रदेश के मौजूदा हालातों को लेकर चर्चा हुई।

Read more: केन्द्रीय वित्तमंत्री से मिली मुख्यमंत्री राजे, फसल खरीद के 3200 करोड़ जारी कराने का आग्रह