
राज्य के सभी मंत्री 13 दिसंबर से पहले 33 जिला मुख्यालयों का दौरा करेंगे। उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सभी मंत्रियों को 13 दिसंबर से पहले सभी जिला मुख्यालयों का दौरा कर समस्याओं का निपटारा करने का लक्ष्य दिया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा-विधानसभा उपचुनाव का सेमीफाइनल ही नहीं अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव भी भाजपा ही जीतेगी। प्रदेश में भाजपा की लगातार दूसरी बार सरकार बनेगी। पार्टी ने चुनाव के लिए पूरी तैयारी कर रखी है।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस चाहे कितने ही आरोप लगाती रहे, भारतीय जनता पार्टी राज्य में तेजी से विकास कर रही है। पार्टी अजमेर, अलवर और मांडलगढ़ सीटों पर होने वाले उपचुनाव और आगामी विधानसभा चुनाव दोनों में ही जीतेगी। जनता इस बात को अच्छे से समझ चुकी है कि राजस्थान के पड़ोसी राज्य गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पुन: तो विकास किस रफ्तार से हुआ है। प्रदेश की जनता को ‘उज्जवला योजना, भामाशाह योजना, लड़कियों को स्कूटी योजना’ जैसी कई योजनाओं का लाभ मिल रहा है। ऐसी ही तमाम योजनाओं का लाभ ले चुके लोगों का सम्मेलन कर उनके विचारों को जाना जाएगा।





