जयपुर। नेता प्रतिपक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम से किसी को नुकसान नहीं है। प्रदेश में नागरिकता संशोधन अधिनियम (Citizenship Amendment Act) के समर्थन में बीजेपी की ओर से बांसवाड़ा में सभा आयोजित की गई। सभा के मुख्यवक्ता नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया रहे। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया का जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह राव व पार्टी पदाधिकारियों ने स्वागत किया।

कांग्रेस को धारा 370 खत्म का है दर्द
गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि अशोक गहलोत नागरिकता संशोधन कानून के बारे में गलतफहमी फैलाकर लोगों को भड़काया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि ‘यह नागरिक संशोधन बिल का विरोध नहीं, यह दर्द दूसरा है। यह धारा 370 को खत्म करने का दर्द है। इसलिए कांग्रेस को दर्द है।’ गुलाबचंद कटारिया ने कांग्रेस पर हिन्दू और मुस्लिम की राजनीति करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस को वोटों की खेती कमजोर होने का डर
नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जुबानी प्रहार करते हुए आरोप लगाए। कटारिया ने कहा कि कांग्रेस को डर है कि वोटों की खेती कमजोर हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार व पीएम नरेंद्र मोदी के द्वारा लिए जा रहे फैसलों की जमकर तारीफ की। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस राजनीति करे, लेकिन देश को बांटने की राजनीति नहीं करे। वहीं सभा को सांसद कनकमल कटारा, विधायक हरेन्द्र निनामा, कैलाश मीणा, पूर्व मंत्री भवानी जोशी ने संबोधित किया. सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिंदू और मुसलमान में युद्ध करना चाहते है गहलोत
पूर्व गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया ने गहलोत पर पहले भी हिंदू और मुसलमान के बीच युद्ध कराने का प्रयास कर चुके है। जिसमें वे सफल नही हुए और ना ही आगे होंगे। मुख्यमंत्री कहते है कि मैं इस कानून का पालन नहीं करुंगा, आप तो क्या आपकी 7 पीढ़ी इसका पालन करेगी।