जयपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) (Citizenship Amendment Act) किसी के अधिकारों को नही छीनता। नागरिकता किसी व्यक्ति के जीवन का पहला अधिकार है, जो इससे वंचित थे, उन्हें सम्मान से जीने का मौका मिलेगा। सतीश पूनिया एक दिवसीय प्रवास पर उदयपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बीजेपी प्रकोष्ठ की ओर से न्यायालय परिसर में नागरिकता संशोधन बिल के समर्थन में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लिया। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सीएए के समर्थन में चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियान में लोगों को बिल को लेकर हो रही गलतफहमियों को दूर किया जाएगा।

पंचायत चुनावों में बीजेपी को मिलेगी शानदार जीत
सतीश पूनिया ने इस बिल को लेकर काग्रेंस पर गलतफहमी फैलाने का आरोप लगाया है। इस मौके पर उन्होंने आगामी पंचायत चुनावों में बीजेपी की शानदार जीत का भरोसा जताया। साथ ही प्रदेश सरकार पर भी लॉ एंड ऑर्डर मैनटेन नहीं कर पाने का आरोप भी लगाया। आपको बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ बुधवार को कांग्रेस ने राजधानी जयपुर में गांधी सर्किल पर धरना देकर इसका विरोध जताया था। इसमें सीएम अशोक गहलोत और डिप्टी सीएम सचिन पायलट समेत कांग्रेस के कई मंत्री, विधायक और पदाधिकारी शामिल हुए थे।

भारत ने विभाजन की त्रासदी झेली
प्रदेशाध्यक्ष पूनिया ने कहा कि भारत ने विभाजन की त्रासदी झेली। उसके बाद 71 के युद्ध में बहुत सारे मूल भारतवासी, जो पड़ोसी देशों में विस्थापितों की तरह रह रहे हैं और कुछ भारत में शरणार्थियों की तरह जीवनयापन कर रहे थे, उन्हें इस बिल के जरिए सम्मान देने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि नागरिकता किसी व्यक्ति के जीवन का पहला अधिकार है। जो उससे वंचित थे, उन्हें इस पीड़ा का पता है और मोदी सरकार अपनों को सम्मान दे रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कई महत्वपूर्ण फैसले किए हैं। पहले और वर्तमान कार्यकाल में कई ऐतिहासिक फैसले हुए। उनमें अनुच्छेद 370 और तीन तलाक बिल को खत्म करना। इसी तरह उच्चतम न्यायालय के आदेश से श्रीराम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो पाया और अब नागरिकता संशोधन बिल लाया गया। इस बिल में सभी को सम्मान से जीने का मौका मिलेगा।

यह कानून किसी की नागरिकता नहीं छीनता

उन्होंने कहा कि यह कानून किसी की भी नागरिकता छीनता नहीं है, बल्कि उनके अधिकारों की रक्षा करता है। भारत दुनिया का एक मात्र ऐसा देश है जहां हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, पारसी सहित जितने भी धर्म के लोग हैं। सभी को सम्मान से जीने का समान अधिकार दिया है। इस विधेयक में कांग्रेस आग में घी डालने का काम कर रही है और पर्दे के पीछे से अशांति फैलाने का काम कर रही है। इसलिए जन जागरण की आवश्यकता है और इसकी महत्ता को समझें।