जयपुर। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार को जयपुर पहुंचे। प्रदेश की राजधानी जयपुर में उनका गर्मजोशी से स्वागत-अभिनंदन किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष की आगवानी करने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया भी मौजूद रहे, तो पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की भी उपस्थिति नजर आई। जयपुर एयरपोर्ट के अंदर प्रदेश भाजपा कोर कमेटी के सदस्यों ने उनकी आगवानी की। एयरपोर्ट के अंदर और बाहर नड्डा का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। नड्डा यहां बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित प्रदेश कार्य समिति की बैठक का उदघाटन करने और पहली पंक्ति के नेताओं को संबोधित करने आये हैं। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं व नेताओं की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। वे कार में प्रवेश करने के बाद रूफ टॉप से बाहर निकले और सभी का अभिवादन स्वीकार किया। माना जा रहा है कि विधानसभा उपचुनाव से पहले प्रदेश में बिखरी बीजेपी को एकजुट करने के लिये पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा जयपुर पहुंच गये हैं।

रोड़ शो के साथ 12 स्वागत केंद्र
एयरपोर्ट से लेकर बिड़ला ऑडिटोरियम तक 12 केंद्र स्वागत के लिए बनाए गए हैं, जिन पर एक-एक कर स्वागत किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं की इस कदर भीड़ है कि यह स्वागत रोड शो के रूप में ही दिखाई दे रहा है। नड्‌डा के स्वागत के लिए जिस तरह की तैयारियां की गई हैं, उससे साफ संकेत है कि पार्टी ने सभी संगठनों, नेताओं की एकजुटता दिखाने का प्रयास किया है। राजस्थानी संस्कृति में भी इस स्वागत को रंगने का प्रयास किया गया है।

स्वागत में दिखी लोक संस्कृति की झलक
भाजपा की ओर से इसी स्वागत के लिए सभी संगठनों को अलग-अलग तरीके अपनाने की रणनीति बनाई थी। इसके अनुसार ही स्वागत किया जा रहा है। भाजपा महिला मोर्चा राजस्थानी रंग की साड़ियों में पहुंचीं थीं, जिन्होंने एयरपोर्ट के बाहर स्वागत किया। पूरा मार्ग लोक संस्कृति की झलक दे रहा है। कहीं घोड़े-ऊंट सजधज कर तैयार, तो कहीं बैड वादन किया गया। लोक कलाकार भी प्रस्तुतियां दी गई।


राजे से मिलने की समर्थक नेताओं में होड़
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के पहुंचते ही नेताओं ने उन्हें घेर लिया। कई विधायक और नेता उनसे मिलने पहुंचे। राजे काफी देर तक नेताओं से मिलती रहीं। राजे समर्थक नेताओं में उनसे मिलने की होड़ लगी रही। राजे का यह पुराना सियासी अंदाज भी रहा है। राजे के नज़दीकी नेताओं में गिने जाने वाले जयपुर सांसद रामचरण बोहरा, पूर्व मंत्री नरपत सिंह राजवी, पूर्व मंत्री कालीचरण सराफ, प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत, विधायक अशोक लाहोटी सहित कई समर्थित नेता भी नड्डा का स्वागत करने पहुंचे।


नड्डा से एक सीट छोड़कर दूसरी पर वसुंधरा राजे
बिड़ला ऑडिटोरियम में मंगलवार को होने जा रही प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मंच पर बैठने के लिए करीब 16 नेताओं के लिए व्यवस्था की गई है। कार्य समिति बैठक के दौरान बिड़ला सभागार में हुई बैठक व्यवस्था चर्चा का विषय बनी रही। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने एक साथ मंच साझा किया। व्यवस्थाओं के अनुसार मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के एक तरफ वाली पंक्ति पर सबसे करीब प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह और फिर वसुंधरा राजे को जगह दी गई। जबकि नड्डा के दूसरी तरफ पूनिया और नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया बैठे। वसुंधरा राजे के ठीक नज़दीक केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की सीट लगाई गई।