जयपुर। राजस्थान के जयपुर में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां गुजरात पुलिस के 4 जवानों और एक अभियुक्त की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दिल्ली से गुजरात जा रही पुलिस की फॉर्च्यूनर कार यहां शाहपुरा के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई।

हादसे के बाद पुलिस महकमें अफरातफरी
हादसा भाबरू थाना इलाके के नींझर मोड़ के पास हुआ। हादसे के बाद कार कबाड़ में तब्दील हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई। हादसे पर सीएम अशोक गहलोत और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने दुख जताया है।

गुजरात पुलिस के थे चार पुलिसकर्मी
जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार रात आधी रात को करीब 2.30 बजे हुआ। उस समय गुजरात पुलिस के 4 पुलिसकर्मी दिल्ली से किसी मुल्जिम को पकड़कर कार से वापस गुजरात जा रहे थे। इसी दौरान भाबरू इलाके में पर उनकी कार नींझर मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर लगे एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार में सवार चारों पुलिसकर्मियों और मुल्जिम की मौत हो गई।

हादसे के कारणों का खुलासा नहीं
हादसे की सूचना पर भाबरू पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने सभी शवों को स्थानीय राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। हादसे कैसे हुआ इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। माना जा रहा है कि चालक को नींद की झपकी आने से हादसा हो सकता है। भाबरू पुलिस ने गुजरात पुलिस को घटना की जानकारी दे दी है।