जयपुर। नए कृषि कानूनों के विरोध में आज यानी मंगलवार को किसान संगठनों द्वारा भारत बंद बुलाया गया। कई राज्यों में विपक्षी पार्टियों ने धरना प्रदर्शन किया। साथ ही कई जगहों पर रेल यातायात बाधित करके चक्का जाम करने की कोशिश की गई। पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में लेफ्ट पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने ट्रेन रोक दी हैं। वहीं कई जगह सड़के बंद करके केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हरियाणा और पंजाब में भी बंद का व्यापक असर दिखा। किसान संगठनों के साथ विपक्ष की मांग है कि सरकार इन नए कृषि कानूनों को तुरंत वापस ले। राजस्थान में रोडवेज बस बंद रहीं। सुबह से ही बसें खड़ी हो गईं। इसके अलावा, ट्रकों का संचालन भी नहीं हुआ। ट्रक जहां-तहां सड़कों के किनारे खड़े हो गए। प्रदेश में मंडियां भी बंद के चलते बंद रखी गई।

कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झगड़ा
जयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे। यहां दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं में मारपीट हो गई। पत्थरबाजी भी की गई। पुलिस ने बीचबचाव किया। भारत बंद के दौरान जयपुर स्थिति प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर उस समय स्थितियां बेकाबू हो गईं जब कांग्रेस और भाजपा की ‘यूथ ब्रिगेड’ आमने-सामने हो गईं। मामला इतना ज़्यादा गरमा गया कि दोनों पक्षों की ओर से जमकर हाथापाई हुई। पुलिस ने बीच-बचाव करते हुए मामले को शांत करवाया। भारत बंद का समर्थन करते हुए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की टोली पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर पहुंची। इस बीच वहां पहले से ही भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद थे। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के पहुँचते ही दोनों पक्षों के बीच भिडंत हो गई। देखते ही देखते कार्यकर्ताओं के बीच नौबत मारपीट की आ गई। इस दौरान जमकर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर जमकर लात-घूसे चलाये।

प्रदेश में अराजकता का माहौल
विपक्ष पार्टी भाजपा ने कांग्रेस का बंद का समर्थन आश्चर्यजनक और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। भाजपा ने बंद में सरकार के इशारे पर अराजकता फैलाने का आरोप भी लगाया है। कांग्रेस पार्टी के गुंडों ने जयपुर में बीजेपी मुख्यालय पर पथराव किया। कांग्रेस पार्टी प्रदेश में अराजकता का माहौल बना रही है। आज की घटना की जितनी निंदा की जाएं उतनी कम है।

कोटा में शराब की दुकानें खुलीं, मंडियां बंद रहीं
कोटा में मंडी व्यापारी, किसानों के समर्थन में उतरे। व्यापारियों ने एशिया की बड़ी भामाशाह मंडी में काम बंद रखा। पेट्रोल पंप भी 10 से 12 तक यानी 2 घंटे बंद रहे। लेकिन शराब की दुकानें तय समय पर खुली। बंद का शराब की दुकानों पर असर नहीं दिखा। शहर के प्रमुख बाजारों में चाय की गुमटियां और थड़ियां बंद रहीं।