बीकानेर, 19 अप्रैल। मतदाता सूचियों में पंजीकरण के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से लगातार दूसरे दिन विभिन्न स्थानों पर रंगोलियां सजाई गई। स्वीप प्रकोष्ठ द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर रंगोली सजाते हुए पात्र और वंचित लोगों से मतदाता सूचियों में नाम जुड़वाने का आह्वान किया गया।

विभाग द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में रंगोली सजाई गई। इसमें शहरी क्षेत्र के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भागीदारी निभाई।  महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक शारदा चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम के लिए ब्लॉकवार प्रभारी नियुक्त किए गए। इन प्रभारियों की देखरेख में विभिन्न स्थानों पर रंगोली सजाई गई।

कलेक्ट्रेट परिसर में बाल विकास परियोजना अधिकारी शक्ति सिंह कच्छावा, स्वीप प्रकोष्ठ के गोपाल जोशी, सुधीर मिश्रा आदि मौजूद रहे। जागरूकता के कार्यक्रमों की श्रंखला में 26 अप्रैल को काव्य गोष्ठी तथा 28 को एनजीओ संवाद का आयोजन किया जाएगा।