news of rajasthan
जादूगर बने गहलोत एक छड़ी घुमाकर किसानों का कर्जा माफ कर देंगे।

न पैसा, न ऋण और न ही रणनीति। इसके बाद भी राजस्थान सरकार कैसे किसानों को कर्जमाफी देगी। लेकिन कांग्रेस के नेता एवं सरकारी अधिकारियों को कोई चिंता नहीं। वजह है जादू। जी हां, कांग्रेस जादू से किसानों का कर्जा माफ कर देगी। और यह जादू करेगा कौन। जवाब है खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत। गहलोत जादू की छड़ी घुमाएंगे और झट से कर्ज माफ हो जाएगा। यह हम नहीं कह रहे हैं बल्कि खुद कांग्रेसी नेता यह बोल रहे हैं। अब हम तो उनकी बातों पर ही विश्वास कर लेते हैं। वैसे भी गहलोत प्रदेश में जादूगरी के लिए जाने भी जाते हैं।

अब सर्कस तो शुरू हो चुका है ,बस देखना यह है कि जादूगर गहलोत का शो कितना हिट हो पाता है।

दरअसल प्रदेश के सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना से जब पूछा गया कि कर्जा तो माफ होना शुरू हो गया है लेकिन पैसे की व्यवस्था कहां से होगा तो उन्होंने जवाब दिया, ‘हमारे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत वि​त्तीय प्रबंधन में माहिर हैं। वो जादू भी जानते हैं।’ अब इसका मतलब तो यही हुआ कि अशोक गहलोत जादू से ही यह कारनामा करेंगे क्योंकि सरकार पहले से ही राज्य पर कर्जा होने का दावा ठोक रही है। किसी भी बैंक से कोई कर्जा लिया नहीं है। लोकसभा चुनावों की तैयारी भी करनी है। ऐसे में तो जादू ही काम आ सकता है। वैसे काला कोट और काला मफलर तो गहलोत पहनते ही हैं। बस अब तो एक लाल हैट और एक छड़ी की ही जरूरत होगी। जैसे ही वह छड़ी घुमाएंगे और बोलेंगे-‘कर्जा माफ’ और सच में किसानों का 9500 करोड़ रुपए का कर्जा माफ हो जाएगा। अब इतना जादू तो अशोक गहलोत को ही आ सकता है। भई..जादूगर जो ठहरे।

Read more: कर्जमाफी आज से शुरू पर कैसे, इसका पता नहीं

बता दें कि गहलोत सरकार ने गुरूवार यानि आज से किसानों के लिए तीन दिवसीय कर्जमाफी सर्टिफिकेट कैंप लगाए हैं। प्रदेश के सभी जिलों में लगने वाले इन शिविरों में 20 लाख किसानों को साढ़े नौ हजार करोड़ रुपए के फसली ऋणमाफी के प्रमाण पत्र बांटे जाएंगे। अब सर्कस तो शुरू हो चुका है बस देखना यह है कि जादूगर गहलोत का शो कितना हिट हो पाता है।