भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह राजस्थान में लोकसभा चुनाव प्रचार का शंखनाद 10 फरवरी को जयपुर के रामलीला मैदान से करेंगे। शाह प्रदेश के 3 लोकसभा क्षेत्र के करीब 4 हजार कार्यकर्ताओं को संबोधित कर मिशन-25 को पूरा करने के लिए उनमें जान फूंकेंगे। जानकारी के मुताबिक शाह जयपुर शहर, जयपुर देहात और सीकर लोकसभा क्षेत्रों के शक्ति केन्द्र प्रमुख व बूथ प्रमुखों को जीत का पाठ पढ़ायेंगे। अमित शाह की रैली को भव्य बनाने के लिए भाजपा नेताओं ने जोरों-शोरों से तैयारियां करना शुरू कर दिया है। भाजपा शहर अध्यक्ष मोहन लाल गुप्ता ने बताया कि पार्टी ने प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों को 8 कलस्टर में बांटा है और प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में एक-एक कार्यक्रम राज्य में आयोजित किया जाएगा।

अमित शाह के दौरे की खबर से जहां एक तरफ भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश व उत्साह का माहौल है वहीं दूसरी तरफ कांग्रेसी नेताओं में तनाव देखने को मिल रहा है। शाह के चुनावी दौरे की जानकारी से प्रदेश कांग्रेस में हड़कम्प मचा हुआ है। कांग्रेस भली-भांति जानती है कि शाह पार्टी को जिताने के लिए प्रभावी चुनावी प्रबंधन में माहिर है। शाह के मैनेजमेंट से कांग्रेस में अभी से बेचैनी देखी जा रही है। राजस्थान में हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव व रामगढ़ उपचुनाव में भाजपा को करारी शिकस्त मिलने के बाद कार्यकर्ता में सक्रियता का अभाव है। ऐसे में अमित शाह का दौरा भाजपा कार्यकर्ताओं को मिशन-25 को पूरा करने में जी-जान से जुटने में नई दिशा देगा।