जयपुर। कांग्रेस भी अब भारतीय जनता पार्टी की नाम बदलने की परंपरा को अपनाने की तैयारी में है। प्रदेश की राजधानी के ऐतिहासिक धरोहर अल्बर्ट हॉल म्यूजियम का नाम बदला जा सकता है। गहलोत सरकार इसरी जोरों से तैयारी कर रही है। इसके संकेत भारत जोड़ो यात्रा के संयोजक पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने प्रेसवार्ता के दौरान दिए।

जयराम रमेश ने जताई इच्छा
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान के दौसा में चल रही है जहां राजधानी जयपुर के अल्बर्ट हॉल म्यूजियम को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है। दौसा के लालसोट में यात्रा के 11वें दिन एक प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस पार्टी के संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने जयपुर में अल्बर्ट हॉल म्यूजियम का नाम बदलने की इच्छा जाहिर की। रमेश ने राहुल गांधी के जयपुर के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि आज के दौर में अल्बर्ट हॉल का नाम क्यों लिया जाए, ऐसा कोई नया नाम रखा जाए।

जल्द बदला जाएगा नाम
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा मेरी इच्छा है कि अल्बर्ट हॉल म्यूजियम का नाम बदला जाए, क्योंकि अल्बर्ट क्वीन विक्टोरिया के पति थे और आज 2022 में अल्बर्ट नाम होना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि मैंने इस संबंध में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बात भी की और उन्हें नाम बदलने को कहा है, मैं समझता हूं कि जल्द ही इसका नाम बदला जाएगा।

बीजेपी ने बोला हमला
जयराम रमेश के इस सुझाव के बाद अब जयपुर के विश्व प्रसिद्ध अल्बर्ट हॉल म्यूजियम के नाम बदलने की अटकलें लगाई जा रही है। वहीं बीजेपी नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि अब कांग्रेस राजस्थान के प्रमुख जगहों के नाम परिवर्तन की यात्रा भी शुरू कर रही है। राठौड़ ने ट्वीट कर कहा कि राजस्थान वीरों की धरती रही है, अगर अल्बर्ट हॉल का नाम बदलना ही है तो इसका नाम युवराज राहुल गांधी को खुश करने के लिए गांधी परिवार पर ना रखा जाएं।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वहीं सोशल मीडिया पर कुछ लोगों का कहना है कि अल्बर्ट हॉल का नाम जयपुर के संस्थापक सवाई जयसिंह के नाम पर होना चाहिए। वहीं कुछ लोगों का मत है कि इसका नामकरण महात्मा गांधी म्यूजियम कर देना चाहिए। मालूम हो कि राहुल गांधी यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर जयपुर में हो रही म्यूजिकल नाइट में शामिल होने जयपुर आएंगे जहां वह रात 8 बजे अल्बर्ट हॉल म्यूजियम पहुंचेगे।

रानी विक्टोरिया के पति थे अल्बर्ट
आपको बात दें कि जयपुर का दुनियाभर में विख्यात प्रिंस अल्बर्ट, रानी विक्टोरिया जो कि 19वीं सदी में इंग्लैंड में हूकूमत चलाती थी उनके पति थे और उनके नाम पर ही यह म्यूजियम बनाया हुआ है। वहीं रमेश ने यह भी कहा कि नया नाम क्या होगा उस पर विवाद हो सकता है और वैसे भी देश में नामों की कोई कमी नहीं है।

135 साल पुराना है म्यूजियम
जयपुर के सबसे बड़े और पुराने म्यूजियम अल्बर्ट हॉल को महाराजा रामसिंह ने बनाया था जिसे 1887 में जनता के लिए खोला गया था। करीब 135 साल पहले बना यह सबसे पुराना संग्रहालय जयपुर में राम निवास गार्डन में स्थित है। बताया जाता है कि अल्बर्ट हॉल की स्थापना साल 1876 में 6 फरवरी को प्रिंस ऑफ वेल्स, अल्बर्ट एडवर्ड की जयपुर यात्रा के दौरान की गई थी और उनके नाम पर ही इमारत का नाम रखा गया।