कोटा। किसानों को स्टार्टअप्स से किसानी के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और नई तकनीक को जानने को मिलेगा। इन तकनीकों को अपनाकर किसान कम क्षेत्र में कम लागत और कम समय में अधिक उपज और मुनाफा ले सकेंगे। देशभर में कृषि के क्षेत्र में हो रही क्रांति को किसानों को बताने के लिए कोटा में किसान महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें किसानों को देशभर के प्रगतिशील किसानों, 75 से अधिक स्टार्टअप्स और कृषि उत्पाद निमार्ताओं से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। यहां ड्रोन के साथ आधुनिक खेती के एक से बढकर एक तरीके भी बताए जाएंगे।

स्पीकर ओम बिरला ने किया कृषि महोत्सव का शुभारंभ
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा राजस्थान के कृषि विभाग की ओर से आयोजित कृषि महोत्सव प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण मेले का शुभारंभ स्पीकर ओम बिरला मंगलवार ने किया। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, केंद्रीय पशु, मत्स्य व डेयरी राज्य मंत्री डा. संजीव बालियान तथा राजस्थान सरकार में कृषि एवं पशुपालन मंत्री लालचंद कटारिया तथा सहकारिता राज्य मंत्री उदयलाल आंजना भी मौजूद हैं।

किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की दी जाएगी जानकारी
उद्घाटन समारोह के बाद दशहरा मैदान परिसर में बनाए गए तीन हाईटेक सभागार में किसानों को खेती के साथ किए जाने वाले अन्य व्यवसायों के बारे में प्रशिक्षण व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। इस व्याख्यानों में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किसानों के लिए चलाई जा रही विभिन्न प्रकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा किसानों को अपनी उपज को अन्य प्लेटफार्म पर विक्रय करने के तरीकों के बारे में भी बताया जाएगा।