लोकसभा चुनावों में अधिकतर राज्यों में एक भी खाता नहीं खोल सकी कांग्रेस की शर्मनाक हार के बाद से राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी समेत अन्य दिग्गज नेताओं में इस्तीफे की पेशकश करने का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। राहुल गांधी के बाद अब कई नेता पार्टी की हार पर नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपना इस्तीफा भेज रहे हैं। सोमवार को झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार, असम अध्यक्ष रिपुन बोरा और पंजाब के कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को अपने इस्तीफे की पेशकश की है। इससे पहले महाराष्ट्र में पार्टी के प्रभारी अशोक चव्हाण ने लोकसभा चुनाव परिणामों के बाद ही इस्तीफा देने को कह दिया था। वहीं यूपी कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर और मध्यप्रदेश के सीएम कमलनाथ भी इस्तीफा देने के बारे में बयानबाजी कर चुके हैं।

राजस्थान में गहलोत सरकार के दिग्गज मंत्री लालचंद कटारिया ने भी कैबिनेट पद से इस्तीफा दिया है। कांग्रेस में इस्तीफों का आलम ऐसा है कि ज्यादातर राज्यों के प्रमुख नेताओं ने अपने पद से हटने की बात कह डाली है। खुद राहुल गांधी ने भी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में अपना इस्तीफा भेजा था, हालांकि इसे कमेटी ने नामंजूर कर दिया था। आम चुनावों में करारी शिकस्त के बाद अपने अस्तित्व को बचाने की लड़ाई लड़ रही कांग्रेस इस समय बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही है। राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी व बहन प्रियंका गांधी से भी पार्टी के भविष्य को लेकर चर्चा कर रहे हैं। अब देखना होगा कि आने वाले समय में कितने और नेता कांग्रेस की हार के बाद नैतिक जिम्मेदारी लेकर अपना इस्तीफा सौंपते है। स्पष्ट है, कांग्रेस में आगामी कुछ दिनों में संगठनात्मक और पार्टी नेतृत्व में बड़े बदलाव की प्रबल संभावना है।