बारां. बारां-कोटा रोड नेशनल हाइवे 27 पर निर्माणाधीन जैन तीर्थ स्थल शुक्रवार रात को बड़ा हादसा टल गया। निर्माणाधीन स्थल पर बड़ी क्रेन के स्ट्रक्चर से वहां निर्माण के लिए खड़ा किया लोहे का स्ट्रक्चर जमीन पर आ गिरा। इस स्ट्रक्चर पर जेन्ट्री क्रेन को खड़ा किया जाता है। इसके पीछे बनी टापरियों में मजदूरों की झोपडिय़ां बनी हुई है। यह स्ट्रक्चर टापरियों पर गिरा। जिससे तीन मजदूर दब गए। इनमें एक मजदूर को निजी चिकित्सालय लाया गया।

हादसा उस समय हुआ, जब अंधड़ के साथ बरसात का दौर शुरू हुआ था। इसकी जानकारी मिलने पर खान एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया, जिला कलक्टर नरेन्द्र गुप्ता समेत कई विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे। कई एम्बुलेंस व नगर परिषद की जेसीबी समेत अन्य मशीनें भी मौके पर पहुंचाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिनेन्द्र जैन ने बताया कि रात आठ बजे बाद हादसे की जानकारी मिली। इसके बाद तत्काल मौके पर पहुंच के्रन की मदद से लोहे के स्ट्रक्चर को हटाने का कार्य शुरू किया गया। स्ट्रक्चर उठने के बाद उसके नीचे से मजदूर संजय टूटू निवासी वर्धमान (पश्चिम बंगाल) खुद बाहर निकल आया। उसे एम्बुलेंस की मदद से शहर के प्रिया हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां उसका उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

अधिकारी भी पहुंचे

हादसे की जानकारी मिलने के बाद हड़कम्प मच गया था। इसके बाद जिले के कई बड़े अधिकारी व तीर्थ स्थल का निर्माण करा रहे ट्रस्ट के अधिकांश पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। जिला चिकित्सालय में सम्पूर्ण स्टाफ को अलर्ट कर बुला लिया गया था। शहर के दर्जनों लोग भी मदद के लिए चिकित्सालय पहुंच गए थे। बाद में जब एक मजदूर के मामूली रूप से घायल होने की जानकारी मिलने पर चिकित्साकर्मी व शहर के लोग वापस लौट गए।

टल गया बड़ा हादसा

प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार जैन तीर्थ स्थल पर बड़े हादसे की जानकारी सामने आई थी। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल किया। इसके बाद तो यह खबर शहर समेत जिले में तेजी से फैली। लेकिन मौके पर एक ही मजदूर के टापरी में दबे होने तथा उसकुशल बाहर आने की जानकारी मिलने पर सभी लोगों ने राहत की सांस ली।