जयपुर। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बाद पंजाब विधानसभा चुनाव में जबर्दस्त बहुमत के साथ सरकार बनाने के बाद अब आम आदमी पार्टी की निगाहें राजस्थान पर है। पंजाब में मिले अपार जनसमर्थन के बाद अब आप पार्टी ने राजस्थान में अपने संगठन का विस्तार करना शुरू कर दिया है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने जयपुर में पहले बड़े कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस के नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुये दावा किया कि राजस्थान में अगली बार सरकार आप पार्टी बनायेगी।

‘आप पार्टी में आइये स्वागत है आपका’
राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि सभी अच्छे लोगों का यहां स्वागत है। हमें अब न रूकना है और न थकना है। 2023 में राजस्थान फतह करके ही दम लेना है। उन्होंने कहा बीजेपी, कांग्रेस और बसपा में भी अच्छे लोगों की कोई कमी नहीं हैं। बहुत सारे नेता वहां परेशान हैं। आम आदमी पार्टी के दरवाजे अच्छे नेताओं के लिए हमेशा खुले हैं। पंजाब के बाद अब आम आदमी पार्टी का अगला पड़ाव राजस्थान है।

बीजेपी और कांग्रेस की नीतियों से आम जनता त्रस्त
संजय सिंह ने कहा कि बीजेपी और कांग्रेस की नीतियों से आम जनता त्रस्त हो गई है। वीआईपी कल्चर से लोग उकता गये हैं। सरकारी दफ्तरों की रिश्वतखोरी ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में एक बार कांग्रेस और एक बार बीजेपी का दौर आप खत्म कर देगी।

भ्रष्टाचार मुक्त शासन का वादा
आप नेता संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने का वादा करके दिल्ली की सत्ता में आई थी। बेहतर शिक्षा और चिकित्सा के साथ सस्ती बिजली और पानी का वादा उसने पूरा करके दिखाया है। देखते ही देखते पार्टी की दिल्ली में जड़ें इतनी गहरी हो गईं हैं कि वहां कांग्रेस खत्म होने के कगार पर पहुंच गई है। जबकि बीजेपी की भी दिल्ली में हालत खस्ता है। दिल्ली का प्रयोग पार्टी ने पंजाब में दोहराया। वहां आप को बड़ी जीत मिली है।