
राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम के जरिए लगातार लोगों की समस्याओं को सुनने और उन्हें मौके पर ही दूर करने का अवसर मिला है। जिन समस्याओं का निस्तारण तुरंत नहीं किया जा सकता उनके लिए विभागीय और राज्य स्तर पर कार्य योजनाएं बनाई जा रही हैं। सीएम राजे ने यह बात झुंझुनूं जिले के मंडावा विधानसभा क्षेत्र स्थित चुड़ेला के जे.जे.टी. विश्वविद्यालय परिसर के सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम में कही। उन्होंने यहां क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका अतिशीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

मलसीसर की पेयजल समस्या का जल्द होगा समाधान
मुख्यमंत्री राजे ने मंडावा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में कहा कि चार साल के लगातार प्रयासों के बाद हमने 172 करोड़ रूपए खर्च कर कुंभाराम लिफ्ट कैनाल के माध्यम से तारानगर से मलसीसर तक पाइपलाइन से पानी पहुंचाया है। अब मलसीसर क्षेत्र के दूसरे गांवों तक भी पेयजल पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सीएम ने जनसंवाद के दौरान क्षेत्र में पेयजल की वर्तमान समस्या दूर करने के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी को स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर समाधान खोजने के लिए निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने महनसर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों के 5 पदों में से 2 खाली रहने एवं ड्यूटी पर डॉक्टरों के नहीं आने की शिकायत पर सीएमएचओ, झुंझुनूं को निर्देश दिए कि वे पीएचसी, सीएचसी में औचक निरीक्षण करें।
सीएम राजे ने सर्वसमाज के साथ किया संवाद: मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने जनसंवाद कार्यक्रम में जाट, एससी, एसटी, मुस्लिम, लुहार, राजपूत, रावणा राजपूत, चारण, कुमावत, जांगिड़, ब्राहा्रण, महाजन, सैन, सैनी, स्वामी, भार्गव, गुर्जर, सोनी, यादव सहित विभिन्न समाज के लोगों के एक एक करके संवाद किया। ककड़ेऊ कलां गांव के अधूरे पड़े स्कूल भवन की समस्या से अवगत कराए जाने पर मुख्यमंत्री ने जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूल भवन का निर्माण कार्य पूरा करवाने के लिए कहा। सैंसवास निवासी मदन सिंह ने गांव को पंचायत मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़क टूटी होने की शिकायत की जिस पर मुख्यमंत्री ने पीएमजीएसवाई के तहत 1 महीने में इस सड़क का काम पूरा करने के निर्देश दिए। ककडे़ऊ खुर्द गांव के लोगों ने गांव में श्मशान भूमि के आवंटन की मांग रखी। इस पर जिला कलेक्टर दिनेश कुमार यादव ने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार श्मशान भूमि के लिए आवंटन में किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जा रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही 7 ग्राम पंचायतों में श्मशान भूखण्ड आवंटित किए गए है।
Read More: राजस्थान के इन 5 जिलों में जल्द ही खोले जाएंगे महिला शक्ति केंद्र
सड़कों की सूची बनाकर प्रस्ताव भेजने के दिए निर्देश: सीएम राजे ने जनसंवाद के दौरान कहा कि झुंझुनूं में बड़ी सड़कों के विकास के साथ-साथ छोटी सड़कों का भी विकास किया जा रहा है। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को दूरी के अनुसार जिले में उन सभी छोटी सड़कों जिनके नवीनीकरण, चौड़ाईकरण, सुदृढ़ीकरण और विकास की जरूरत है, उनकी सूची तैयार कर 10 दिन में प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं।





