जयपुर। राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भरतपुर, धौलपुर, बारां और झालावाड़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर और जालोर को छोड़कर प्रदेश के 29 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग ने 10 जुलाई तक कई क्षेत्रों में तेज बारिश होने की संभावना जताई है। हालांकि 11 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में कमी आने और मानसून के कमजोर पड़ने के संकेत दिए हैं।

 

इन जिलों में आज यलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, अजमेर, टोंक, बूंदी, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, उदयपुर, राजसमंद, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, सिरोही, पाली, नागौर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सवाई माधोपुर, करौली, कोटा, अलवर, दौसा सहित जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर और जालोर को छोड़कर पूरे प्रदेश में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी

भरतपुर, धौलपुर, बारां और झालावाड़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने तथा नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

पूर्वी-दक्षिणी राजस्थान में सबसे ज्यादा बरसे बादल

पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान में मानसून सबसे ज्यादा मेहरबान रहा। भरतपुर और उदयपुर संभाग के कई इलाकों में तीन इंच तक बारिश रिकॉर्ड की गई। भरतपुर के बयाना और करौली के मंडलरायल में 84 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज हुई। वहीं, चित्तौड़गढ़ के भदेसर और निंबाहेड़ा में भी करीब तीन इंच पानी बरसा। इसके अलावा दौसा, धौलपुर, करौली, अलवर और कोटा जिले के चेचट क्षेत्र में भी अच्छी बारिश हुई।

 

सड़कों पर भरा पानी, जनजीवन हुआ प्रभावित

लगातार बारिश के कारण अलवर, करौली, चित्तौड़गढ़, भरतपुर सहित कई जिलों में सड़कों पर पानी भर गया। निचले इलाकों में जलभराव से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। उदयपुर और सिरोही में भी देर शाम तक कई स्थानों पर तेज बारिश का दौर जारी रहा।

 

बारिश से पारा गिरा, गर्मी और उमस से राहत

लगातार हो रही बारिश से प्रदेशभर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जयपुर, अलवर, टोंक, चित्तौड़गढ़, सिरोही, दौसा, प्रतापगढ़, झुंझुनूं, अजमेर और भीलवाड़ा में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। राजधानी जयपुर में दिनभर बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश में सबसे अधिक तापमान जैसलमेर में 41.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। लगातार बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है।