जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए दो बड़ी सुविधाएं शुरू हो गई हैं. अब दिल्ली-एनसीआर जाने वाले यात्रियों के लिए नोएडा (जेवर) इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए फ्लाइट शुरू हो गई. इसके अलावा करीब 4 महीने बाद दुबई के लिए सीधी फ्लाइट भी दोबारा शुरू कर दी गई है. इन दोनों सेवाओं के शुरू होने से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी.

 

सुबह 7:35 बजे उड़ी फ्लाइट

इंडिगो ने जयपुर से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के लिए दो नई फ्लाइट शुरू की है. इनमें फ्लाइट संख्या 6E-7647 आज सुबह 7:35 बजे जयपुर से रवाना होकर सुबह 8:25 बजे नोएडा पहुंची. दूसरी फ्लाइट 6E7643 शाम 5 बजकर 15 मिनट पर रवाना होकर 6 बजकर 5 मिनट पर नोएडा पहुंचेगी. जयपुर से जेवर एयरपोर्ट के लिए फ्लाइट रोज उड़ान भरेगी.

इस सेवा से दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को अब सड़क मार्ग पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. साथ ही जेवर एयरपोर्ट से देश और विदेश के अन्य शहरों के लिए भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.

 

दुबई के लिए सीधी फ्लाइट

अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए भी अच्छी खबर है. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जयपुर-दुबई रूट पर अपनी सीधी उड़ान सेवा करीब चार महीने बाद फिर से शुरू कर दी है. एयरलाइन की फ्लाइट IX-143 शाम 6:45 बजे जयपुर से रवाना होकर रात 9 बजे दुबई पहुंचेगी. वापसी में फ्लाइट IX-144 दुबई से रात 9:55 बजे उड़ान भरेगी और अगले दिन तड़के 3 बजे जयपुर पहुंचेगी.