
राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. इस दौरान शुष्क मौसम और तेज गर्म हवाएं चलने का सिलसिला जारी रहेगा. बीकानेर, जैसलमेर, अजमेर, टोंक और आसपास के जिलों के लिए बारिश की चेतावनी जारी की गई है. शुक्रवार (24 अप्रैल) को बाड़मेर में दिन का अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. श्रीगंगानगर में 43.9, जैसलमेर व चूरू में 43.6, बीकानेर में 43.5, पिलानी में 43.4 और जोधपुर में 43 डिग्री पारा पहुंचा. राज्य के उत्तर-पश्चिमी भागों में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
आज इन जिलों में लू का अलर्ट
अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा और कोटपुतली-बहरोड़ सहित बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, फलोदी और श्रीगंगानगर जैसे इलाकों में लू का अलर्ट जारी किया गया है. हालात यह हैं कि दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है.
हीटवेव की चेतावनी के बीच रखें खास ख्याल
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खासकर दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने को कहा गया है. विशेषज्ञों का कहना है कि हीटवेव के दौरान लापरवाही स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकती है, इसलिए जरूरी एहतियात बरतना बेहद जरूरी है.
अगले 3 दिन मिल सकती है राहत
कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ क्षेत्रों में एक बार फिर मौसम पलटने की संभावना है. 25 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्र, 26 से 28 अप्रैल को पश्चिमी व उत्तरी भागों में दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ धूलभरी आंधी चल सकती है. साथ ही हल्की बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना भी है. मौसम विभाग के मुताबिक, 26 अप्रैल को बीकानेर संभाग में वर्षा की संभावना है. वहीं, 27 अप्रैल को जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, बीकानेर और जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. 28 अप्रैल को भी इन क्षेत्रों में बादल बरसने के आसार.





