
आज खुलेगा खुशियों का पिटारा; बुजुर्ग-युवाओं-महिलाओं-किसानों की भरेगी जेब!, जानें राजस्थान बजट में और क्या मिल सकता है
Rajasthan budget 2026 : उपमुख्यमंत्री (वित्त) दिया कुमारी बुधवार सुबह 11 बजे विधानसभा में अपने कार्यकाल का तीसरा व 21वीं सदी के दूसरे क्वार्टर का पहला बजट पेश करेंगी, जिसमें विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्यों की ओर कदम बढ़ना तय है
Rajasthan budget 2026 : जयपुर। उपमुख्यमंत्री (वित्त) दिया कुमारी बुधवार सुबह 11 बजे विधानसभा में अपने कार्यकाल का तीसरा व 21वीं सदी के दूसरे क्वार्टर का पहला बजट पेश करेंगी, जिसमें विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्यों की ओर कदम बढ़ना तय है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में युवाओं को नई नौकरियों के साथ ही लखपति दीदी के उत्पादों के लिए मार्ट बनाकर उन्हें उद्यमी बनाने की पहल, किसानों की सम्मान निधि बढ़ाने और गेहूं आदि की उपज व दूध की बिक्री पर बोनस, बुजुर्ग-विधवा-दिव्यांग पेंशन में वृद्धि, संभाग मुख्यालय वाले शहरों में स्मार्ट सिटी जैसी सुविधाएं और कस्बों में कृषि उत्पादों से जुड़े उद्योग व ग्रामीण रोजगार बढ़ाने के लिए घोषणा होने की उम्मीद की जा रही है।
संभावना यह भी है कि केंद्र की तर्ज पर कर्मचारियों की तबादला नीति आए और आरएएस सहित अन्य कुछ बड़े पदों को छोड़कर अन्य नौकरियों के लिए इंटरव्यू समाप्त कर दिए जाएं। सरकारी स्कूलों के आधारभूत ढांचे में सुधार और मेडिकल ट्यूरिज्म, फार्मा हब व सेमीकंडक्टर उत्पान जैसे प्रयासों के साथ ही आमजन की उम्मीदें पूरा करने वाली आवश्यकताओं से जुड़ी घोषणाओं को भी बजट में जगह मिलने की पूरी संभावना है।





