आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश की भागीदारी पर संकट के बादल गहराते जा रहे हैं। दरअसल, आईसीसी ने बांग्लादेश से 21 जनवरी तक यह स्पष्ट करने को कहा था कि वह भारत में अपने मैच खेलने को तैयार है या नहीं। इससे पहले ही मंगलवार, यानी 20 जनवरी को स्पोर्ट्स एडवाइजर आसिफ नजरुल ने कड़ा संदेश दे दिया है।
ICC को बांग्लादेश की ओर से धमकी
बांग्लादेश के स्पोर्ट्स एडवाइजर आसिफ नजरुल ने कहा है कि अगर आईसीसी बीसीसीआई के सामने झुकता है, तो बांग्लादेश किसी भी फैसले को नहीं मानेगा। आपको बता दें कि आईसीसी ने साफ कर दिया है कि अगर बांग्लादेश 21 जनवरी तक भारत में अपने मैच खेलने पर सहमत नहीं होता, तो उसे टूर्नामेंट से बाहर किया जा सकता है। ऐसे में अगर बांग्लादेश की टीम वर्ल्ड कप से बाहर होती है, तो उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया जाएगा। इस पर आसिफ नजरुल ने कहा, “हमें स्कॉटलैंड के बारे में कोई जानकारी नहीं है और हमें यह भी नहीं बताया गया है कि हमें रिप्लेस किया जाएगा। अगर आईसीसी दबाव बनाता है या बीसीसीआई के सामने झुकता है, तो हम किसी भी बात को नहीं मानेंगे।
आपको बता दें कि आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर कर रहे हैं। बांग्लादेश को अपने शुरुआती मुकाबले भारत में खेलने हैं, लेकिन मुस्तफिजुर रहीम को आईपीएल से रिलीज किए जाने के बाद यह विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद से बांग्लादेश की टीम भारत में कोई भी मैच खेलने को तैयार नहीं है। इतना ही नहीं, बांग्लादेश ने अपने देश में आईपीएल के प्रसारण पर भी बैन लगा दिया है।
पाकिस्तान डाल रहा ‘आग में घी’
हालांकि अब तक आईसीसी को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला है। अब देखना यह होगा कि 21 जनवरी को बीसीबी आईसीसी को क्या जवाब देता है, क्योंकि उसके बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा। दूसरी ओर, इस विवाद में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भी आग में घी डालने का काम कर रहा है। पीसीबी ने अपनी वर्ल्ड कप तैयारियों को रोक दिया है और कहा है कि अगर जरूरत पड़ी, तो वह भी भारत में खेले जाने वाले आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप का बहिष्कार कर सकता है।





