उत्तर भारत में ठंड का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है, बल्कि गुरुवार को तो ठिठुरन और भी बढ़ गई.राजस्थान की बात करें तो वहां कड़ाके की सर्दी के साथ घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. आलम यह है कि विजिबिलिटी (दृश्यता) गिरकर 30 मीटर से भी कम रह गई, जिससे सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया.कोहरे की मार रेल यातायात पर भी पड़ी है, कई ट्रेनें अपने तय समय से एक से तीन घंटे की देरी से चल रही हैं. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के 16 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है.

 

स्कूलों के समय में बदलाव और छुट्टियां

भीषण सर्दी को देखते हुए राजस्थान के 27 जिलों में गुरुवार को स्कूलों की छुट्टी रखी गई. वहीं, जोधपुर में प्रशासन ने सरकारी और प्राइवेट स्कूलों का समय बदलकर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक कर दिया है, ताकि बच्चों को सुबह की जानलेवा ठंड से बचाया जा सके.

जयपुर में खिली धूप से राहत मामूली

राजधानी जयपुर के लिए गुरुवार की सुबह थोड़ी राहत भरी रही. दो दिन बाद खिली धूप ने लोगों को सुकून तो दिया, लेकिन सर्द हवाओं का जोर अब भी बरकरार है. जयपुर में अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री और न्यूनतम 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

शुक्रवार को 16 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के 16 जिलों में कोहरे और शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है. जिसमें जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, पाली, जालोर, सिरोही, नागौर , भरतपुर, अलवर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, जयपुर, दौसा, टोंक, भीलवाड़ा शामिल है.