राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी ‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत, आज (11 दिसंबर, 2025) से नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर, काठमांडू के लिए हवाई यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो रहा है। यह योजना इस बार कुल 6 हजार वरिष्ठ नागरिकों को हवाई मार्ग से तीर्थ यात्रा करवाएगी। योजना के पहले चरण में, वरिष्ठ नागरिक आज से पशुपतिनाथ के दर्शन के लिए हवाई उड़ान भरेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए यह यात्रा हवाई जहाज से शुरू होगी और 20 दिसंबर तक हर रोज एक फ्लाइट काठमांडू के लिए रवाना होगी।

 

यात्रा का पूरा शेड्यूल और व्यवस्था

तीर्थ यात्रियों के लिए विभाग ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। सभी दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद, यात्रियों को सबसे पहले जयपुर से दिल्ली तक ले जाया जाएगा। इसके लिए यात्रियों को सुबह 7 बजे डीलक्स बस द्वारा जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा, जहां से दिल्ली एयरपोर्ट से बुजुर्गों की फ्लाइट उड़ान भरेगी। प्रत्येक फ्लाइट में 38 यात्रियों को शामिल किया जाएगा, और उनकी देखभाल व सहायता के लिए एक सरकारी कर्मचारी को अटेंडेंट के तौर पर साथ भेजा जाएगा। यह सरकारी कर्मचारी यात्रा के दौरान बुजुर्गों की हर संभव मदद सुनिश्चित करेगा।