news of rajasthan
Sports Minister Rajyavardhana Rathore launches 'Play India' Challenge.

नरेन्द्र मोदी सरकार में खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने ट्विटर पर एक नए अभियान की शुरुआत की है। देश में खेलों को बढ़ावा देने के मकसद से शुरू किए गए इस अभियान का उन्होंने वीडियो भी अपलोड किया है। इसमें खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह टेबल टेनिस खेलते हुए नज़र आ रहे हैं। इस वीडियो के माध्यम से केन्द्रीय मंत्री राठौड़ ने देश की जनता को पांच मिनट का चैलेंज दिया। इसके साथ ही खेल मंत्री ने खेलों से जुड़ीं अपनी पांच मिनट की कहानी भी शेयर करने के लिए युवाओं से कहा है।

news of rajasthan
Image: केन्द्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़.

लोगों को खेलने की भी दी सलाह, सलमान खान को किया टैग

खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ द्वारा ट्विटर पर शेयर किए गए इस वीडियो में वे लोगों को खेलने की सलाह देते हुए नज़र आ रहे हैं। केन्द्रीय खेल मंत्री ने वीडियो वाली इस पोस्ट में बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को भी टैग किया है। गौरतलब है कि सलमान खान खासकर युवाओं में खासा पसंद किए जाते हैं। अगर सलमान इस चैलेंज को स्वीकार करते हैं तो युवा इस ​अभियान से साथ ज्यादा से ज्यादा संख्या में जुड़ सकते हैं। मंत्री राठौड़ इससे पहले ‘हम फिट तो इंडिया फिट’ अभियान की शुरुआत भी कर चुके हैं। उनके इस अभियान से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली तक जुड़े थे। देशभर से बड़ी संख्या में लोगों ने चैलेंज स्वीकार करते हुए अपने वीडियो अपलोड किए थे।

Read More: राजस्थान रोडवेज और रेलवे ने कुंभ मेले की पूरी तैयारी की, 6 स्पेशल बसें चलेंगी

राज्यवर्धन ओलिंपिक खेलों में देश के लिए जीत चुके हैं सिल्वर मेडल

केन्द्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ खुद भी खिलाड़ी रहे हैं। भारतीय सेना में मेजर होने के साथ ही वे निशानेबाजी से जुड़े हुए थे। ओलिंपिक में रजत पदक जीतने के बाद उन्हें प्रमोट करते हुए कर्नल बनाया गया। राज्यवर्धन सिंह ने 2002 में मैनचेस्टर कॉमनवेल्थ गेम्स में शूटिंग इवेंट में स्वर्ण पदक जीता था। 2004 में एथेंस ओलंपिक में उन्होंने डबल ट्रैप शूटिंग में रजत पदक जीता था। बता दें, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ 2013 में भाजपा से जुड़े और 2014 में वे जयपुर ग्रामीण सीट से सांसद निर्वाचित हुए। इसके बाद उन्हें मोदी सरकार में सूचना एवं प्रसारण मंत्री बनाया गया।