दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और कोहरे ने सितम ढा रखा है। मौसम का प्रभाव कुछ ऐसा है कि दिल्ली में सुबह-शाम कोहरे से जहां विजिबिलिटी प्रभावित हो रही है, वहीं प्रदूषण के चलते लोगों का सांस लेना दूभर हो रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने बड़ी भविष्यवाणी करते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है ‌कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अब दिल्ली-एनसीआर में मौसम के रुख में बदलाव दिखेगा। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो शुक्रवार को दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में छिटपुट बादल भी छाए रहे। इससे दिन में निकलने वाली धूप की तीव्रता में कमी दर्ज की गई, जिससे दिन में भी लोगों को ठंड का अहसास हुआ। मौसम विभाग की मानें तो 22 जनवरी तक यानी अगले पांच दिन दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान हवा की रफ्तार भी बेहद धीमी दर्ज की जाएगी, जिससे प्रदूषण की समस्या बढ़ सकती है।

 

अगले 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी

IMD विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 घंटे यानी शनिवार को भी दिल्ली-एनसीआर में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है। इसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा दिन के समय आसमान में हल्के बादल भी छाए रहेंगे। यह कोहरे का प्रभाव दुगना करेंगे और प्रदूषण को बढ़ावा देंगे। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। दूसरी ओर मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि एक नया पश्चिमी 17 से 21 जनवरी के बीच एक्टिव हो रहा है। इसका असर दिल्ली-एनसीआर में भी दिखाई देगा। यानी इस बीच दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इसके चलते दिन में भी हल्के से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो 17 जनवरी से न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इस दिन न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।