जयपुर। राजस्थान में हाड़ कापने वाली सर्दी शुरू हो गई है। आज प्रदेश के पिलानी, सीकर, चूरू सहित कई जिलों में न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। कई इलाकों में कोहरे का असर भी बहुत अधिक देखने को मिल रहा है। इसी के साथ ही विजिबिलिटी बहुत कम होने से कई इलाकों में दुर्घटना की घटनाएं भी सामने आ रही है। सीकर में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच घने कोहरे में 10 वाहन आपस में टकरा गए। जिसमें रोडवेज बस के कंडक्टर की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गई।

कोहरे के चलते भिड़े 10 वाहन, कंडक्टर की मौत
शेखावाटी इलाके में कोहरे के चलते नेशनल हाईवे चूरू पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक के पीछे एक करीब 10 वाहन आपस में टकरा गए। इस दौरान एक रोडवेज बस और ट्रक में भीषण भिड़ंत हुई जिसमें करीब करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस हादसे में एक रोडवेज बस के परिचालक की मौके पर मौत हो गई है। हादसा फतेहपुर में देवास रोड पर मंगलवार सुबह करीब 7.30 बजे हुआ।

ट्रक से टकराकर रोडवेज बस चकनाचूर, ड्राइवर बस में फंसा
सबसे आगे चल रहे ट्रक और रोडवेज की टक्कर इतनी तेज थी कि बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसा इतना भयानक था कि बस कंडक्टर सांवरमल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ड्राइवर विजय सिंह बुरी तरह फंस गया था। पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे बाद ड्राइवर को बाहर निकाला। वहीं सवारी उस्मान अली निवासी उत्तर प्रदेश, निशा निवासी चूरू, प्रेम सिंह निवासी बीकानेर, राजेंद्र सिंह निवासी रामगढ़ घायल हो गए। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।

8 किमी का लंबा जाम लगा
हादसे के बाद हाईवे पर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। सुबह सुबह ही करीब 8 किमी तक का जाम लग गया। सूचना पर तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों और शव को धानुका हॉस्पिटल में भेजा। राहत की बात यह है कि पीछे की गाड़ियों के लोगों को मामूली चोट आई। पुलिस ने गाड़ियों को हटवाकर जाम हटवाया। जिसमें करीब 2 घंटे लग गए। कंडक्टर के परिजनों को सूचना दी गई है। उनके आने पर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

शेखावाटी-हाड़ौती में हाड़ कंपा देने वाली ठंड
आपको बता दें कि राजस्थान के शेखावाटी इलाके में शीतलहर का दौर शुरू हो गया है जहां पेड़-पौधों पर बर्फ जमने लगी है। वहीं हाड़ौती अंचल में भी हाड़ कंपाने देने वाली ठंड पड़ रही है। इसके साथ ही सीकर, चूरू, झुंझुनूं व करौली जिलों में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक शीतलहर, घना कोहरा और पाला पड़ने की स्थिति अगले 24 घंटों तक ऐसे ही जारी रहेगी।

फतेहपुर में न्यूनतम तापमान -1.5 पहुंचा
प्रदेश में कोहरे और तेज सर्दी का असर लगातार बना हुआ है, जिसके कारण आम जनजीवन प्रभावित नजर आ रहा है। ग्रामीण और शहरी इलाके में प्रदेश वासी अलाव जला रहे है। फतेहपुर का न्यूनतम तापमान -1.5 माइनस डिग्री दर्ज किया गया। जो कि प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। बीती रात प्रदेश के जिलों में तापमान कुछ इस प्रकार रहा।
अजमेर का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री
भीलवाड़ा का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री
वनस्थली का न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री
अलवर का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री
जयपुर का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री
पिलानी का न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री
सीकर का न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री
कोटा का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री
बूंदी का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री
चित्तौड़गढ़ न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री
बाड़मेर का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री
पाली का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री दर्ज
जैसलमेर का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री
जोधपुर का न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री
फलोदी का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री
बीकानेर का न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री
चूरू का न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री
श्रीगंगानगर का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री
धौलपुर का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री
नागौर का न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री
टोंक का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री
बांरा का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री