राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की तबीयत अचानक नासाज होने के बाद उन्हें मंगलवार दोपहर एसएमएस अस्पताल के मेडिकल आईसीयू में भर्ती कराया गया। बताया गया कि वे अपनी रूटिन जांच के लिए अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन जांच के दौरान अचानक घबराहट और बुखार की शिकायत के बाद डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत भर्ती कर लिया।

किडनी में हल्की समस्या

डॉक्टरों के अनुसार, राज्यपाल ब्लड और यूरिन समेत अन्य टेस्ट के लिए आए थे। जांच के दौरान यूरिन में संक्रमण और किडनी में हल्की समस्या पाए जाने के बाद उन्हें जनरल मेडिसिन, नेफ्रोलॉजी और यूरोलॉजी की टीम की देखरेख में आईसीयू में रखा गया। राज्यपाल के इलाज के लिए सात से अधिक वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम का मेडिकल बोर्ड बनाया गया है, जिसमें जनरल मेडिसिन, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और कार्डियोलॉजी के विशेषज्ञ शामिल हैं।

गजेन्द्र सिंह खींवसर भी अस्पताल पहुंचे

इस दौरान चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर भी अस्पताल पहुंचे और राज्यपाल की सेहत की जानकारी लेते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आईसीयू में डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से राज्यपाल की तबीयत नासाज चल रही थी। एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी, अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी और अन्य वरिष्ठ चिकित्सक भी लगातार उनकी देखरेख में मौजूद हैं।