
राजस्थान के पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव पर नया अपडेट। राजस्थान निर्वाचन आयोग ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए बुधवार को तेजी से कदम बढ़ा दिया। आयोग ने सभी कलक्टरों से 25 फरवरी तक मतदाता सूचियों को अंतिम रूप देने को कहा है। इससे फरवरी के बाद कभी भी चुनाव कराने का रास्ता साफ हो गया।
राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी कलक्टरों को बतौर जिला निर्वाचन अधिकारी मतदाता सूचियों को अपडेट करने के लिए गाइडलाइन भेजी है। इसमें पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची अपडेट करने के लिए तुरंत जुट जाने को कहा गया है।
25 फरवरी को होगा मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूचियों का ड्राफ्ट 29 जनवरी को जारी होगा, 25 फरवरी को इनका अंतिम प्रकाशन होगा। पंचायत चुनाव के लिए ग्राम पंचायत, पंचायत समिति व जिला परिषद तीनों स्तर पर वार्डवार मतदाता सूची तैयार होगी।





