
Rajasthan News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजस्थान दौरे (PM Modi Rajasthan Visit) का कार्यक्रम तय हो गया है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजस्थान दौरे के बारे में जानकारी दी है. सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम ‘विकसित राजस्थान’ के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करेगा. पीएम मोदी 28 फरवरी को राजस्थान के दौरे पर आएंगे. वह अजमेर (PM Modi Program In Ajmer) की धरती से 23 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की राजस्थान को सौगात देंगे. इस दौरान ‘रोजगार उत्सव’ कार्यक्रम में राजस्थान के 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे.
अजमेर की धरती से देंगे सौगात
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Rajasthan CM Bhajanlal Sharma) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पीएम मोदी के दौरे से जुड़ी एक पोस्ट साझा की. जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे और सभा के दौरान होने वाली घोषणाओं की जानकारी दी है. सीएम भजनलाल ने कहा कि मुझे यह जानकारी साझा करते हुए गर्व की अनुभूति हो रही है कि आगामी 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अजमेर की धरती से प्रदेश को 23,500 रुपये करोड़ के विकास कार्यों की अभूतपूर्व सौगात देंगे.
21 हजार युवाओं को देंगे नियुक्ति पत्र
सीएम ने कहा कि शिलान्यास और लोकार्पण के साथ-साथ ‘रोजगार उत्सव’ में 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके सपनों को नई उड़ान दी जाएगी. उधर प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर अजमेर में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर कार्य कर रही हैं





