राष्ट्रीय युवा दिवस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया सम्मानित
जयपुर। राजस्थान सरकार द्वारा युवाओं को प्रोत्साहित करने हेतु शुरू की गई महत्वाकांक्षी योजना “राजस्थान यूथ आइकॉन पुरस्कार” के अंतर्गत वर्ष 2026 के लिए राज्य स्तरीय चयन प्रक्रिया में दौसा जिले के फ़र्राशपुरा निवासी 21 वर्षीय देवेंद्र जैमन को राज्य का राजस्थान यूथ आइकॉन अवार्ड प्रदान किया गया है। यह पुरस्कार राष्ट्रीय युवा दिवस (12 जनवरी) के अवसर पर एसएमएस स्टेडियम, जयपुर में आयोजित राज्य युवा महोत्सव में राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा प्रदान किया गया।
राज्य सरकार की ओर से 2025-26 की बजट घोषणा (बिंदु संख्या 67) के अंतर्गत स्थापित यह पुरस्कार राष्ट्रीय युवा पुरस्कार की तर्ज पर बनाया गया है। इसका उद्देश्य राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट और प्रभावी कार्य कर रहे युवा प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें सम्मानित करना है।
इस वर्ष कला एवं संस्कृति, सामाजिक कार्य, विज्ञान संचार, शिक्षा, पर्यावरण, उद्यमिता, स्वास्थ्य आदि क्षेत्रों में श्रेष्ठ योगदान देने वाले युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
किसान परिवार का बेटा, समाजसेवा में अव्वल
साधारण किसान परिवार से आने वाले देवेंद्र जैमन ने कम उम्र में ही सामाजिक सरोकारों को अपनाया। माता-पिता द्वारा मिले “परहित सरिस धरम नहिं भाई” जैसे संस्कारों ने उन्हें बचपन से ही समाज की समस्याओं के प्रति संवेदनशील बनाया। महज 13 वर्ष की आयु में पहली बार मंच संभालने के बाद देवेंद्र ने महिला सुरक्षा, शिक्षा और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ 13 से अधिक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए, जिसे स्थानीय स्तर पर बड़ी सराहना मिली।
शैक्षणिक उपलब्धियाँ और प्रतिभा की चमक
देवेंद्र ने आर्थिक सीमाओं के बावजूद शिक्षा को अपना प्रमुख लक्ष्य बनाए रखा। परिणामस्वरूप उन्होंने विभिन्न राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल की—
ऑल इंडिया एस्से राइटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान
उत्तर पश्चिम रेलवे वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान
रोटरी क्लब वाद-विवाद प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान
NWR निबंध प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान
2025 में हरिदेव जोशी विश्वविद्यालय की स्नातकोत्तर परीक्षा में प्रथम स्थान व गोल्ड मेडल के लिए चयनित
बदलाव पॉइंट फाउंडेशन के माध्यम से बड़ा सामाजिक प्रभाव
सामाजिक कार्यों को संगठित रूप देने के लिए देवेंद्र ने ‘बदलाव पॉइंट फाउंडेशन’ के माध्यम से कई महत्वपूर्ण अभियान चलाए।
600 से अधिक लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर
“जन्मदिन पर 11 पौधे” संकल्प के तहत हज़ारों पौधारोपण
विश्वविद्यालयों में 21 परिडे लगवाने की पहल
1100+ तुलसी पौधों का वितरण
वार्ड 65 में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान
500 से अधिक छात्रों को प्रवेश, फीस, प्रशासनिक समस्याओं में प्रत्यक्ष सहयोग
इन कार्यों ने देवेंद्र को युवाओं में एक प्रेरक व्यक्तित्व के रूप में स्थापित किया।
युवाओं के लिए संदेश
देवेंद्र ने कहा कि—
“समाज सेवा केवल दान नहीं, समाधान है। असली शिक्षा दूसरों के दुख को समझने में है और असली सम्मान किसी के आँसू पोंछने में। युवा शक्ति यदि सही दिशा में लगे तो समाज में स्थायी परिवर्तन लाया जा सकता है।”



