
जयपुर: सर्दियों की शुरुआत के साथ ही राजधानी जयपुर की रसोई का बजट अब हल्का होने लगा है. मौसमी सब्जियों की बंपर आवक से पिछले 10 दिनों में सब्जियों के दामों में 40 से 50 फीसदी तक गिरावट दर्ज की गई है. मुहाना मंडी सहित शहर की प्रमुख सब्जी मंडियों में स्थानीय और मौसमी सब्जियों की आवक बढ़ने से बाजार में रौनक लौट आई है. खास बात यह है कि शादी सीजन के बीच सब्जियों के सस्ता होने से आमजन को बड़ी राहत मिली है.
बथुआ, सरसों और मेथी ने संभाला रसोई का बजट:
सर्दियों के मौसम में बथुआ, सरसों, पालक और मेथी जैसी हरी सब्जियों की आवक बढ़ने लगी है. इसके साथ ही मूली, गोभी, गाजर, मटर और हरी प्याज भी बाजार में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो रही हैं. मौसमी सब्जियों की उपलब्धता बढ़ने से कीमतों पर दबाव आया है और ग्राहकों को कम दाम में पसंदीदा सब्जियां खरीदने का मौका मिल रहा है.
मुहाना मंडी में आसपास के क्षेत्रों से पहुंच रही सब्जियां:
जयपुर की मुहाना मंडी में स्थानीय क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में सब्जियां पहुंच रही हैं. बस्सी, चौमूं और बगरू से देसी टमाटर की आवक हो रही है. वहीं सवाई माधोपुर से हरी मिर्च और कोटपूतली, शाहपुरा व रायसर से लाल गाजर मंडी तक पहुंच रही है. स्थानीय सब्जियों की आवक बढ़ने से बाहरी राज्यों पर निर्भरता भी कम हुई है,
शादी सीजन में आमजन को मिली राहत:
नवंबर में शादी-ब्याह और अन्य मांगलिक आयोजनों के बीच सब्जियों के दामों में आई गिरावट ने लोगों को राहत दी है. बड़ी मात्रा में सब्जियों की खरीदारी करने वाले परिवारों और कैटरिंग कारोबारियों को भी इसका फायदा मिल रहा है.
सेहत के लिए भी खजाना हैं सर्दियों की सब्जियां:
सर्दियों की मौसमी सब्जियां केवल जेब के लिए ही नहीं, बल्कि सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद मानी जाती हैं. पालक, मेथी, बथुआ, गाजर और मटर जैसी सब्जियों में विटामिन, आयरन, कैल्शियम और फाइबर जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं.





