राजस्थान में नगर निकाय चुनाव 2026 (Rajasthan Nagar Nikay Chunav 2026) की तैयारियों ने अब जोर पकड़ लिया है. राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बुधवार, 22 अप्रैल को मतदाता सूची (Voters List) का अंतिम प्रकाशन कर दिया है. इस नई सूची के सामने आने के बाद प्रदेश के चुनावी समीकरण बदल गए हैं, क्योंकि ड्राफ्ट लिस्ट की तुलना में कुल मतदाताओं की संख्या में भारी कमी देखी गई है.

 

लाखों नाम कटे, कुछ नए जुड़े

राज्य निर्वाचन आयुक्त के अनुसार, 20 फरवरी 2026 को जारी ड्राफ्ट लिस्ट में वोटर्स की कुल संख्या 1,13,29,913 थी. अंतिम प्रकाशन तक इसमें कई बदलाव किए गए. कुल 2,27,879 नए मतदाता लिस्ट में जोड़े गए. जबकि 5,49,916 वोटर्स के नाम हटा लिए गए. यानी लिस्ट से कुल 3,22,037 नाम कम हुए. इसका सीधा मतलब यह है कि पिछली बार के मुकाबले करीब 3% वोटर्स घट गए. अब कुल मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 10 लाख 7 हजार 876 है.

जोधपुर और उदयपुर में भारी गिरावट

इस बार की मतदाता सूची में जिला स्तर पर बेहद चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. आंकड़ों का विश्लेषण करें तो पता चलता है कि प्रदेश के बड़े शहरों में वोटर्स की संख्या में बड़ी गिरावट आई है, वहीं कुछ जिलों में मतदाताओं का ग्राफ बढ़ा भी है. आंकड़ों के मुताबिक, जोधपुर में सबसे ज्यादा 16.9% और उदयपुर में 11.50% की भारी कमी दर्ज की गई है. इसके उलट, बाड़मेर में 2.50% और नागौर में 2.40% की बढ़ोतरी देखी गई है. मतदाताओं की संख्या में आया यह बड़ा अंतर आगामी निकाय चुनावों में हार-जीत के समीकरणों को पूरी तरह बदल सकता है.

195 निकायों की लिस्ट जारी, 113 अभी बाकी

प्रदेश में कुल 309 स्थानीय निकाय हैं. निर्वाचन आयोग ने फिलहाल 195 निकायों की सूची सार्वजनिक की है. शेष 113 स्थानीय निकायों के लिए मतदाता सूची तैयार करने का कार्यक्रम अलग से चल रहा है और उनकी सूची जल्द ही जारी की जाएगी.

अगर इन 195 निकायों में मतदाताओं के वर्गीकरण की बात करें, तो इस बार की लिस्ट में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं और ट्रांसजेंडर वोटर्स की भी अच्छी भागीदारी है. आंकड़ों के अनुसार, कुल मतदाताओं में 56,57,921 पुरुष, 53,49,578 महिलाएं और 377 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं. चुनाव आयोग की यह नई लिस्ट आगामी निकाय चुनावों की पूरी तस्वीर पेश करती है.

 

39 जिले, 6485 वार्ड और 12,198 बूथ

आयोग ने आगामी चुनाव के लिए बुनियादी ढांचा भी तैयार कर लिया है. प्रदेश के 39 जिलों में फैले इन 195 निकायों में चुनावी प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. कुल 6,485 वार्डों में कुल 12,198 मतदान केंद्र बनाए जाने हैं.

 

कैसे पता करें कि आपके शहर की लिस्ट जारी हुई है या नहीं?

आयोग की आधिकारिक वेबसाइट (sec.rajasthan.gov.in) पर ‘Municipal Election 2026’ सेक्शन में उन सभी 195 निकायों की सूची जिलावार दी गई है जिनकी वोटर लिस्ट फाइनल हो चुकी है.

 

अपना नाम कैसे देखें?

कैसे चेक करें वोटर लिस्ट में अपना नाम?

 

अगर आप भी राजस्थान के उन 195 निकायों में रहते हैं जिनकी लिस्ट जारी हुई है, तो अपना नाम चेक करने के लिए इन स्टेप्स को फॉलो करें:-