
राजस्थान के बीकानेर जिले में कड़ाके की ठंड और शीतलहर (Cold Wave) के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने नन्हे बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है. जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने भीषण सर्दी को देखते हुए जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में छोटे बच्चों के लिए अवकाश घोषित कर दिया है.
कब से कब तक रहेगा अवकाश?
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्रों में 3 से 6 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों के लिए 2 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक विशेष अवकाश रहेगा. यह आदेश बीकानेर शहर और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों के केंद्रों पर लागू होगा.
क्या केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे?
ध्यान रहे कि यह अवकाश केवल बच्चों के लिए है. आंगनबाड़ी केंद्रों की अन्य महत्वपूर्ण सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी. यानी नियमित टीकाकरण अभियान पहले की तरह जारी रहेगा. मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण दिवस (MCHN Day) की सेवाएं यथावत रहेंगी और बच्चों को मिलने वाला गरम पोषाहार अब ‘टेक होम राशन’ (THR) के रूप में उनके घर तक पहुंचाया जाएगा या अभिभावक केंद्र से ले सकेंगे.
कर्मचारियों के लिए निर्देश
शीतलहर के बावजूद, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मानदेय कर्मियों के लिए कोई अवकाश नहीं है. उन्हें केंद्र पर अपने निर्धारित समय पर उपस्थित रहना होगा ताकि प्रशासनिक कार्य और पोषण वितरण सुचारू रूप से चल सके.





