
राजस्थान की भजनलाल सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर प्रदेशभर में चल रहे ‘विकास रथ’ अभियान के दौरान कामां विधायक नौक्षम चौधरी का सख्त और आक्रामक अंदाज देखने को मिला। कस्बे में पानी की गंभीर किल्लत सामने आते ही विधायक ने मौके पर ही जलदाय विभाग के अधिकारियों को फोन कर कड़ी फटकार लगाई।
विधायक नौक्षम चौधरी ने साफ शब्दों में कहा कि अगर जनता को पीने का पानी नहीं मिल सकता, तो उनके दफ्तर का कनेक्शन भी बंद कर दिया जाए। विकास रथ जब अपने अंतिम पड़ाव कामां पहुंचा तो विधायक चौधरी ने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया।
महिलाओं ने बताई समस्या
इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया, कस्बे के कई वार्डों में पिछले छह दिनों से पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप है। महिलाओं ने कहा कि उन्हें दूरदराज से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। जनता की बात सुनते ही विधायक का तेवर बदल गया और उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारी को फोन लगाया।





