राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम ने अचानक करवट ली है. प्रदेश के कई हिस्सों में 6 मई तक आंधी, बारिश और तेज हवाओं का कहर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने अजमेर, अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनू, करौली, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, फलौदी और श्रीगंगानगर में येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम के इस बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. इससे फसलों को नुकसान होने का खतरा मंडरा रहा है.

दिन में गर्मी, शाम में बादल; मौसम अस्थिर

पूर्वानुमान है कि अगले 4-5 दिनों में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे प्रदेशभर में मौसम और अधिक बदल सकता है. इससे अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी आने की संभावना है और लोगों को लू से राहत मिल सकती है.

 

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मई के पहले सप्ताह में मौसम अस्थिर बना रहेगा. दिन में गर्मी का असर रहेगा, लेकिन शाम के समय बादल छाने, तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

तापमान में गिरावट, बाड़मेर में पारा 44.6 डिग्री

पिछले दिनों कुछ जिलों में हुई ओलावृष्टि और बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली. बाड़मेर में तापमान 44.6 डिग्री दर्ज किया गया है. जैसलमेर में भी गर्मी का प्रकोप जारी है. बीते दिन (1 मई) को जयपुर में भी तेज गर्मी के बीच शाम को आंधी और हल्की बारिश देखने को मिली. वहीं, कई जिलों में तापमान अभी भी 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है.