
जाट आरक्षण महा रैली कल: 2 लाख लोगों के जुटने का दावा, भरतपुर में गरजेंगे हनुमान बेनीवाल।
भरतपुर, 21 जून। भरतपुर के नुमाइश मैदान में 22 जून को आयोजित होने वाली जाट आरक्षण महा रैली को लेकर पूरे क्षेत्र में माहौल गरमा गया है। आयोजकों का दावा है कि रैली में भरतपुर, डीग, धौलपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 2 लाख लोग पहुंचेंगे। रैली में सांसद एवं आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल जाट समाज के आरक्षण सहित विभिन्न मुद्दों पर हुंकार भरेंगे।
रैली से पहले गांव-गांव जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। समाज के प्रमुख लोग और कार्यकर्ता लगातार घर-घर जाकर लोगों को रैली का निमंत्रण दे रहे हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ समाजसेवी नैमसिंह फौजदार ने जाट सरदारी के बीच पहुंचकर पीले चावल बांटे और समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक रैली नहीं, बल्कि समाज के अधिकारों और सम्मान की आवाज को मजबूत करने का अवसर है।
जाट समाज लंबे समय से भरतपुर, डीग और धौलपुर क्षेत्र के जाटों को केंद्र की ओबीसी सूची में शामिल कर आरक्षण का लाभ दिए जाने की मांग उठा रहा है। समाज के नेताओं का कहना है कि इस मुद्दे पर सरकार को गंभीरता से निर्णय लेना चाहिए। रैली के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार तक समाज की मांगों को मजबूती से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
रैली को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। सोशल मीडिया से लेकर गांवों की चौपालों तक महा रैली की चर्चा है। आयोजकों का दावा है कि यह रैली जाट समाज की एकता, संगठन और ताकत का बड़ा प्रदर्शन साबित होगी।
उधर, रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस रैली पर प्रदेश की राजनीति की भी नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि जाट आरक्षण का मुद्दा लंबे समय से चर्चा का विषय बना हुआ है।





