
राष्ट्रीय राजधानी में प्रत्येक साल की तरह इस साल भी गणतंत्र दिवस परेड पूरी भव्यता के साथ आयोजित की जा रही है। इस ऐतिहासिक परेड को देखने के लिए केंद्र सरकार ने दो कैटेगरी में टिकट की व्यवस्था की है। इसकी बुकिंग प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। यानी कोई भी आम आदमी पांच जनवरी से 14 जनवरी के बीच सुबह 10 से एक और दोपहर दो से पांच बजे तक ऑफलाइन टिकट खरीद सकता है। इसके अलावा ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था भी की गई है। दिल्ली की ऐतिहासिक परेड देखने के इच्छुक लोग दोनों विकल्पों से अपनी सीट बुक करवा सकते हैं।
दो कैटेगरी में मिलेंगे टिकट
राष्ट्रीय राजधानी में ऐतिहासिक गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए केंद्र सरकार ने दो कैटेगरी में टिकट की व्यवस्था की है। पहली श्रेणी में टिकट की कीमत 100 रुपये रखी गई है, जबकि दूसरी श्रेणी में 20 रुपये टिकट की कीमत है। इसके अलावा 28 जनवरी को आयोजित होने वाली बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल के लिए भी टिकट की कीमत 20 रुपये ही निर्धारित की गई है। परेड देखने के इच्छुक व्यक्ति ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए रक्षा मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट ‘आमंत्रण’ aamantran.mod.gov.in पर जाकर अपनी सुविधानुसार सीट बुक करवा सकते हैं।





