अजमेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को अजमेर आएंगे। वह रोड शो के अलावा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसको लेकर प्रशासन और भाजपा के स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है। भाजपा जिला मीडिया संयोजक विक्रम सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रोड शो करेंगे। इसके बाद वह भाजपा पदाधिकारियों, चुनाव संचालन समिति, कोर कमेटी एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं को निकाय चुनाव में जीत का मंत्र देंगे। फिलहाल, सीएम भजनलाल शर्मा के रोड शो का मार्ग तय नहीं किया, लेकिन भाजपा नेता जोरशोर से तैयारियों में जुटे हुए है।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को भाजपा पदाधिकारियों एवं चुनाव संचालन समिति की बैठक हुई। इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गेना, अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सोनी, संभाग चुनाव सह प्रभारी विष्णु चेनानी, चुनाव संयोजक अरविंद यादव, एमएलसी राजीव पोद्दार राजेश शर्मा, राजेश घाटे, संपत सांखला, विक्रम सिंह, प्रवीण जैन, भवानी जेड़िया मौजूद रहे। सामाजिक संस्थान, व्यापारिक संगठन मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगे।