news of rajasthan
मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, राजस्थान
news of rajasthan
मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, राजस्थान

भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री राजे की माता विजयाराजे सिंधिया के जन्म शताब्दी वर्ष के मौके पर प्रदेश की राजधानी जयपुर स्थित बिड़ला ऑडिटोरियम में बीजेपी महिला मोर्चे का एक नारी शक्ति सम्मेलन आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे सहित केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने भारी संख्या में मौजूद महिला कार्यकर्ताओं के समक्ष सत्ता में फिर से वापसी का भरोसा जताया। साथ ही भाजपा को राजस्थान में फिर से सत्ता लाने का संकल्प लिया।

Read more: ज़ीका वायरस जानलेवा नहीं, जागरुकता व स्वच्छता है बचाव की 

विजयाराजे सिंधिया के जयंती कार्यक्रम में पूरा भाजपा महिला मोर्चा एकजुट नजर आया। कार्यक्रम में सीएम राजे ने अपनी मां की जिंदगी के कई अनछुए पहलू महिला कार्यकर्ताओं के सामने रखे। यहां उन्होंने न केवल विजयाराजे सिंधिया के संघर्ष से जुड़े संस्मरण बताए, बल्कि महिला मोर्चे की कार्यकर्ताओं की ओर से उनको दिए गए सहयोग व समर्पण की कहानियां भी सुनाई।


सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा, ‘राजमाता जी से मुझे बचपन से ही जनता से बीच पहुंचकर उनकी तन-मन-धन से सेवा करते हुए आगे बढ़ने की सीख मिली है। उन्होंने सिर्फ हमारे एक परिवार को महत्ता न देकर 36 की 36 कौम को एक सूत्र में बांधते हुए देशहित में अपना सर्वस्व न्यौछावर किया।’ उन्होंने कहा कि राजमाताजी ने महलों के वैभव को त्यागकर जनसेवा को परम लक्ष्य माना और मेहनत व संघर्ष से भारतीय जनता पार्टी व महिला मोर्चा को सशक्त बनाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। वे लंबे समय तक महिला मोर्चा से जुड़ी रहीं और उनके बीच में पहुंचकर सदैव प्रेरित करती रहीं।

इसी बीच केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने वसुन्धरा राजे के एक बार फिर से राजस्थान के मुख्यमंत्री की गद्दी पर बैठने की भविष्यवाणी की। वहीं कांग्रेस में सीएम के चेहरे को लेकर चल रहे माहौल पर जमकर निशाना साधा।


आपको बता दें, राजस्थान में विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित कर दी गई है। मतदान (वोटिंग) 7 दिसम्बर, 2018 और मतगणना (काउंटिंग) व परिणाम 11 दिसम्बर, 2018 को आएंगे। 15 दिसंबर से पहले चुनावी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। प्रदेश की 200 सीटों पर चुनाव होने हैं। राजस्थान सहित मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, मिजोरम और तेलंगाना का विधानसभा चुनाव कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है। आचार संहिता लागू होने से सभी पांचों राज्यों में बड़ी घोषणाओं और लोकार्पण-शिलान्यास पर रोक लग गई है।

Read more: राजस्थान सहित 5 राज्यों में इस तारीख को होंगे चुनाव, तत्काल प्रभाव से आचार संहिता लागू