जयपुर। राजस्थान की गहलोत सरकार ने आगामी गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर प्रदेश के 23 जिला मुख्यालयों पर ध्वजारोहण के लिए मंत्रियों एवं राज्यमंत्रियों को अधिकृत किया है। इसके लिए सरकार ने बकायदा आदेश पत्र जारी कर मंत्रियों को समय पर समारोह में सम्मिलित होने के लिए कहा गया है।

आदेश के अनुसार ऊर्जा मंत्री बीडी कल्ला बीकानेर, स्वायत्त शासन मंत्री शांति कुमार धारीवाल कोटा, उद्योग मंत्री परसादी लाल दौसा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री मास्टर भंवरलाल मेघवाल चूरू तथा कृषि मंत्री लालचन्द कटारिया पाली जिले में गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे। इनके अलावा चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा अजमेर, खान मंत्री प्रमोद भाया बारां, पर्यटन मंत्री विश्वेन्द्र सिंह भरतपुर, राजस्व मंत्री हरीश चौधरी बाड़मेर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रमेश चन्द मीणा करौली, सहकारिता मंत्री उदयलाल अंजना चित्तौड़गढ़, परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास टोंक, अल्पसंख्यक मामलात मंत्री शाले मोहम्मद जैसलमेर जिले में ध्वजारोहण कर लोगों में देशभक्ति का जोश भरेंगे।

बाकि जिलों की बात करें तो शिक्षा राज्य मंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा सीकर, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री ममता भूपेश सवाईमाधोपुर, जनजातिय क्षेत्रीय विकास राज्य मंत्री अर्जुन सिंह बामनिया बांसवाड़ा, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री भंवर सिह भाटी सिरोही, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री सुखराम विश्नोई जालौर, युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री अशोक चांदना बूंदी, श्रम राज्य मंत्री टीकाराम जूली अलवर, गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री भजनलाल जाटव धौलपुर, आयोजना राज्य मंत्री राजेन्द्र सिंह यादव, डूंगरपुर और तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग शेखावाटी के झुंझुनू जिले में राष्ट्रीय ध्वज लहराकर गणतंत्र दिवस को सफल बनाएंगे।