news of rajasthan

news of rajasthan

आगामी विधानसभा चुनाव में राजस्थान के 4 करोड़ 74 लाख से अधिक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव से पहले तैयार की गई नई मतदाता सूचियों के अनुसार राज्य में कुल 4 करोड़ 74 लाख 79 हजार 402 मतदाता है जिनकी आयु 18 वर्ष या इससे अधिक है। इसमें 2 करोड़ 47 लाख 60 हजार 755 पुरुष और 2 करोड़ 27 लाख 18 हजार 647 महिला मतदाता हैं। 1 लाख 13 हजार 642 सर्विस मतदाता भी हैं। पिछली बार हुई तैयार की गई सूची की तुलना में इस बार 67 लाख 53 हजार मतदाता बढ़े हैं।

मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन के बाद 5 विधानसभा क्षेत्रों यथा जायल (नागौर), निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़), लूणकरनसर (बीकानेर), तिजारा (अलवर) तथा अजमेर उत्तर में मतदाताओं के प्रतिशत के हिसाब से सबसे ज्यादा वृद्धि हुई है। जयपुर के किशनपोल, बीकानेर, उदयपुर (ग्रामीण व शहरी) तथा घड़ी (बांसवाड़ा) में मतदाताओं के प्रतिशत में कमी आई है। प्रदेश में इस संक्षिप्त पुनरीक्षण के उपरांत 31 हजार 32 मतदाता कम हुए हैं। 2 अक्टूबर को प्रदेश की सभी ग्राम और वार्ड सभाओं में मतदाता सूचियों का पठन किया जाएगा। 3 और 4 अक्टूबर को भी सायं 4 से 8 बजे तक यह क्रम चलेगा।

बता दें, राज्य में मतदाता सूचियों के द्वितीय विशेष पुनरीक्षण के संदर्भ में संक्षिप्त पुनरीक्षण-2018 के तहत मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। अंतिम प्रकाशन के अनुसार राज्य में कुल 4 करोड़ 74 लाख, 79 हजार 402 मतदाता हैं। संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान कुल 7 लाख 84 हजार 61 आवेदन फॉर्म नाम जुड़वाने के लिए प्राप्त हुए, जिनमें से 7 लाख 60 हजार 288 मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए आवेदन स्वीकार किए गए। आवेदनों की पड़ताल और भौतिक सत्यापन के बाद 3 लाख 91 हजार 805 पुरुष और 3 लाख 99 हजार 515 महिलाएं सहित कुल 7 लाख 91 हजार 320 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए। इस संख्या में 3 लाख 18 हजार 632 मृतक, 3 लाख 48 हजार 715 शिफ्टेड और 1 लाख 23 हजार 973 दोहरी प्रविष्टियां शामिल हैं।

7 अक्टूबर को होगा मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन

वर्ष 2013 में विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 4 करोड़ 07 लाख 26 हजार 144 थी। इसकी तुलना में इस विधानसभा चुनाव के लिए मतदाताओं सूचियों के अंतिम प्रकाशन के बाद 67 लाख 53 हजार से ज्यादा मतदाता बढ़े हैं। 7 अक्टूबर को प्रातः 9 से सायं 6 बजे तक राज्य के सभी 51 हजार 796 मतदान केंद्रों पर अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूचियां प्रदर्शित की जाएंगी।

अगले 10 दिनों में तैयार होंगे पहचान पत्र

इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार ने सचिवालय स्थित समिति कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि प्रदेश में 4 करोड़ 74 लाख, 75 हजार, 110 (99.99 प्रतिशत) फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र धारक हैं। प्रदेश में कुल 51 हजार 796 मतदान केंद्र हैं, जिनमें 9 हजार 490 शहरी तथा 42 हजार 306 ग्रामीण इलाकों में स्थित हैं। मतदाता सूची में जोड़े गए नए नामों के आधार पर मतदाता पहचान पत्र आगामी 10 दिनों में बना दिए जाएंगे।

Read more: प्रदेश में बिना परमिट नहीं बेच सकेंगे बायोडीज़ल, मिलावटी डीज़ल बिक्री पर लगेगी रोक