news of rajasthan
Vijay Sankalp Yatra in June BY Chief minister Vasundhara Raje.

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अगले माह यानि जून में विजय संकल्प यात्रा निकालने जा रही है। रविवार को भाजपा कोर कमेटी की बैठक में इस पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री राजे की यह यात्रा संभागीय मुख्यालयों से शुरू होगी। सीएम वसुंधरा राजे संकल्प और परिवर्तन यात्रा की तर्ज पर अगले महीने से राज्यभर में विजय संकल्प यात्रा की शुरूआत करेंगी। पार्टी हाईकमान ने राजे की इस यात्रा पर अपनी सहमति भी दे दी है। यात्रा को लेकर राजे सरकार में खासा उत्साह है। हालांकि, राजस्थान में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पेच अब भी फंसा हुआ है। कोर कमेटी की ढाई घंटे चली बैठक में भी प्रदेश अध्यक्ष पर चर्चा के आसार थे, लेकिन पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने ऐसी खबरों से इंकार किया है।

news of rajasthan
File-Image: राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे जून में विजय संकल्प यात्रा निकालेंगी.

भाजपा विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार: परनामी

बैठक पर प्रदेश अध्यक्ष को लेकर दिनभर कई तरह की अटकलों लगाई जा रही थीं। मंत्री अरुण चतुर्वेदी के नाम पर प्रदेश अध्यक्ष पद पर सहमति बनने की खबरें दिन भर चलती रहीं। इससे पहले यह भी कहा जा रहा था कि परंपरा को तोड़कर कोर कमेटी अध्यक्ष का नाम जयपुर से दिल्ली भिजवाएगी, लेकिन कोर कमेटी के नेताओं ने इससे साफ इंकार किया है। बैठक में मैराथन और कमल संदेश चौपाल के कार्यक्रमों का जिक्र किया गया। मोदी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर आयोजित हो रहे कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने दावा किया कि भाजपा विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है।

Read More: मोदी सरकार के 4 साल में सच हुए 70 साल के सपने: सीएम राजे

मंगलवार तक की जा सकती है भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद की घोषणा

इस बैठक के बाद संभावना जताई जा रही है कि भाजपा में प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर हो रहा इंतजार मंगलवार तक खत्म हो जाएगा। पार्टी आलाकमान ही प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा करेगा। माना जा रहा है कि इस पद पर ऐसे नेता की ताजपोशी हो सकती है जो दिल्ली हाईकमान की बात भी मानें और प्रदेश में सत्ता के साथ मिलकर संगठन में नया जोश का संचार भरकर आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में जीत पक्की कर सके।