news of rajasthan
मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, राजस्थान
news of rajasthan
मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, राजस्थान

मैंने हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाहजी को झुककर प्रणाम किया तो पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उस पर भी अमर्यादित और असभ्य भाषा में टिप्पणी कर दी। जिस हल्की सोच के साथ उन्होंने एक महिला पर टिप्पणी की, वह सिर्फ मेरा ही नहीं, देश की सभी महिलाओं का अपमान है। मैं महिला हूं इसलिए गहलोतजी ने जो मेरे बारे में कहा उसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकती। मैं तो कल्पना भी नहीं कर सकती कि कांग्रेस के नेताओं की महिलाओं के बारे में ऐसी मर्यादाहीन सोच हो सकती है। ऐसे में महिलाओं के अपमान करने के लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए। यह कथन मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने मंगलवार को अजमेर के पीसांगन में नसीराबाद के भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप लांबा, ब्यावर में प्रत्याशी शंकर सिंह रावत, राजसमंद के भीम में प्रत्याशी हरिसिंह रावत तथा उदयपुर के गोगुन्दा में प्रत्याशी प्रतापलाल गमेती के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि बड़ों के सामने झुकना हमारी हिन्दू संस्कृति है। हमारे संस्कार भी यहीं हैं कि हम हर बड़े व्यक्ति को सम्मान देने के लिए झुककर प्रणाम करें।

मंदिर जाने का मजाक उड़ाने वाले लोग आज मंदिर जाने लगे हैं: राजे

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर शब्दों के प्रहार करते हुए कहा कि मंदिर जाने का मजाक उड़ाने वाले लोग आज मंदिर-मंदिर जाने लगे हैं। वोटों के लालच में अब गोत्र भी बताने लगे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपना गोत्र नहीं बताया, जो गोत्र बताया है वह तो नेहरूजी का गोत्र है। साथ ही पूछा कि उन्हें तो अपने दादा और पिता का गोत्र बताना चाहिए।

5 साल में वो कर दिखाया जो कांग्रेस 50 साल में नहीं कर सकी

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि उनकी भाजपा सरकार ने इन 5 सालों में वो कर दिखाया जो कांग्रेस 50 साल के शासन में नहीं कर सकी। महिलाओं के लिए जन्म से लेकर वृद्धावस्था तक योजना बनाकर उनकी सरकार ने उन्हें संबल दिया। भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से जरूरतमंद गरीब लोगों का निशुल्क इलाज करवाया। गांव-गांव में गौरव पथ बनाकर कीचड़ की समस्या खत्म की।

बता दें, राजस्थान में विधानसभा चुनाव 7 दिसम्बर को आयोजित होंगे। चुनाव में केवल 10 दिन का समय शेष है। मतगणना 11 दिसम्बर को होगी और इसी दिन चुनावी परिणाम भी जारी कर दिए जाएंगे।

Read more: मुख्यमंत्री राजे आज बारां में, गृह जिले में भी होगा प्रचार