news of rajasthan
निवाई मंच से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे।
news of rajasthan
निवाई में स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे।

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे आज राजस्थान के 5 जिलों के 7 शहरों में भाजपा के प्रत्याशियों के समर्थन में सभाएं करने पहुंची। उन्होंने सुबह 10.15 बजे निवाई (टोंक) से अपनी सभाओं की शुरुआत की। निवाई में एक आमसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने स्थानीय जनता से कहा कि मैं निवाई-पीपलू विस क्षेत्र की सम्माननीय जनता से अपील करती हूं कि विकास को समर्पित भाजपा के कर्मठ प्रत्याशी रामसहाय वर्मा जी को भारी मतों से विजयी बनाएं। भारतीय जनता पार्टी को दिया गया आपका हर वोट निवाई और राजस्थान प्रदेश को उन्नति के नए शिखर पर लेकर जाएगा। इससे पूर्व उन्होंने निवाई में बड़ी संख्या में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आय लोगों को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


मंच से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि पिछले 50 वर्षों से कांग्रेसी नेता सत्ता की लालसा और वोट बैंक के लिए जातिवाद की राजनीति करते आये हैं। जबकि हमारी भाजपा सरकार ने प्रदेश की सभी 36 की 36 कौम को गले लगाया और बिना किसी भेदभाव के प्रदेश की जनता के विकास के धर्म को निभाया है। उन्होंने कहा कि चुनावों के नजदीक आते ही कांग्रेस पार्टी जातिवाद, भेदभाव और तुष्टिकरण की जो राजनीति कर रही है, उसे भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से नकारती है। वहीं हम प्रत्येक वर्ग के कल्याण व उत्थान की राजनीति में विश्वास करते हुए निरंतर कदम बढ़ा रहे हैं।

हिंडोली में भाजपा सरकार को विजयी बनाने का आह्वान

निवाई के बाद मुख्यमंत्री राजे बूंदी जिले के हिंडोली विधानसभा क्षेत्र के नैनवां में आयोजित चुनावी आमसभा में पहुंची। यहां उन्होंने उत्साह और जोश-जुनून से परिपूर्ण मेरे भाइयों-बहनों को संबोधित कर उन्नत राजस्थान के निर्माण के लिए एक बार पुनः भाजपा सरकार को विजयी बनाने का आह्वान किया। हिंडौली विधानसभा से भाजपा के ओमेन्द्र सिंह हाडा प्रत्याशी हैं। यहां हिंडौली की जनता से उन्होंने कहा कि 5 वर्ष पहले प्रदेश की जनता ने जिस विश्वास के साथ राजस्थान की बागडोर मेरे हाथों में दी थी, मैंने उसे पूरी निष्ठा और समर्पण से निभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। हमने किसान, महिला, युवा सहित प्रत्येक वर्ग का उत्थान कर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करने में सक्षम बनाया है। उन्होंने स्थानीय जनता से अपील की कि राजस्थान के साथ हिंडोली-नैनवा क्षेत्र के संपूर्ण विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाकर समृद्ध राजस्थान के विकास की गति को अनवरत जारी रखने में सहभागी बनें।

प्रतापगढ़ और डूंगरपुर में भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील

निवाई व नैनवां के बाद मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे धमोतर (प्रतापगढ़) पहुंची। यहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी हेमंत मीणा और धारियावाद सीट से गौतम लाल मीणा को वोट देने की अपील की। इसके बाद राजे डूंगरपुर के चीखली, सागवाड़ा और आखिर में डूंगरपुर विधानसभा क्षेत्र पहुंची। यहां उन्होंने सागवाड़ा प्रत्याशी शंकर लाल डेचा और डूंगरपुर सीट से भाजपा उम्मीदवार माधवलाल बराहत को जिताने की जनता से अपील की।

Read more: जो सर्वे के आधार पर सरकार बना रहे हैं, वही सीएम चेहरे की लड़ाई में फंसे हैं-मुख्यमंत्री