news of rajasthan
the Congress did not in 40 years, we did that work in four and a half years: CM Raje.

प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपनी ‘राजस्थान गौरव यात्रा’ के दूसरे दिन रविवार को गोगुन्दा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जो काम कांग्रेस ने 40 वर्ष में नहीं कराए, वो कार्य हमने मात्र साढ़े चार साल में कर दिखाए हैं। राजस्थान को बीमारू प्रदेशों की श्रेणी से बाहर निकाल कर देश के अग्रणी राज्यों की पंक्ति में लाकर खड़ा कर दिया है। मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि कांग्रेस में चाहे बूढ़े हो या जवान सभी यात्रा कर रहे हैं, लेकिन उन्हें उसका कोई फायदा होने वाला नहीं है। इस अवसर पर उन्होंने गोगुन्दा विधानसभा क्षेत्र में 34 करोड़ 11 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।

news of rajasthan
Image: उदयपुर के गोगुन्दा में जनसभा को संबोधित करती हुई मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे.

राजस्थान की जनता हर बार सरकार बदलने के मिथक को तोड़ेगी इस बार

मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि प्रदेश की जनता हर बार सरकार बदलने के मिथक को इस बार तोड़ेगी और राजस्थान के विकास के लिए भाजपा की दोबारा सरकार बनाएगी। भाजपा की दोबारा सरकार बनने पर हम राज्य की अंतर्राष्ट्रीय पहचान बनाएंगे और प्रदेश को मॉडल स्टेट के रूप में विकसित करेंगे। उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस की तरह सिर्फ बातें और वादे नहीं करते बल्कि काम करते हैं। हमारी सरकार के कार्यकाल में प्रत्येक पंचायत में 2 करोड़ से लेकर 5 करोड़ रुपए तक के विकास कार्य हुए हैं। कांग्रेस के समय प्रदेश के 50 प्रतिशत स्कूलों में ताले लगे हुए थे, लेकिन हम इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों की भर्ती कर रहे हैं, जिसके पूरे होने के बाद 98 प्रतिशत स्कूलों में शिक्षक लग जाएंगे। इसी तरह पानी, बिजली, चिकित्सा और सड़क के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।

हमने भामाशाह कार्ड के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण का काम किया

मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि हमने भामाशाह कार्ड के माध्यम से महिला को घर की मुखिया बनाकर महिलाओं के सशक्तिकरण का काम किया है। उन्होंने कहा कि लड़कियां हमारी अमानत हैं, इसलिए सरकार ने इनको संबल प्रदान करने और सशक्त करने के लिए मुख्यमंत्री राजश्री योजना की शुरूआत की। इसके माध्यम से प्रत्येक लाभार्थी बालिका के माता-पिता या अभिभावक को 6 चरणों में 50 हजार रूपए का भुगतान किया जाता है। इसके साथ ही बालिकाओं को साइकिल, स्कूटी व लैपटॉप भी दिए गए। उन्होंने कहा कि शुभशक्ति योजना के माध्यम से श्रमिक के रूप में पंजीकृत व्यक्ति की बेटी के बालिग होने पर 55 हजार रुपए की सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री राजे ने एक लाभार्थी डालचंद को मंच पर बुलाकर सरकार से मिल रही योजनाओं के बारे में जानकारी ली। डालचंद ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, श्रमिक कार्ड और अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

Read More: मुख्यमंत्री राजे ने किया नाथद्वारा मॉडल बस स्टैंड का लोकार्पण

वर्तमान राज्य और केन्द्र सरकार के कार्यकाल में ऐतिहासिक कार्य हुए: गृहमंत्री कटारिया

इस अवसर पर प्रदेश के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि वर्तमान राज्य और केन्द्र सरकार के कार्यकाल में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने पहली बार खरीफ सीजन की 14 फसलों का लागत का डेढ़ गुना समर्थन मूल्य तय करके किसानों को बड़ी सौगात दी है। खेती को लाभ का सौदा बनाया है। इसके साथ ही ऋण माफी सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं के माध्यम से जनकल्याण के कार्य किए हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।