news of rajasthan
भाजपा नेताओं के साथ ठा.महेश प्रताप सिंह चौहान

नाथद्वारा के निकट कोठारिया राजपरिवार के प्रमुख और कांग्रेसी नेता ठाकुर महेश प्रताप सिंह चौहान ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ फिर से भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने सिंह का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया एवं अधिकारिक तौर पर बीजेपी में शामिल करने की घोषणा की। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना, मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर व विधायक अशोक परनामी ने भी महेश प्रताप का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। बीजेपी मुख्यालय पर सीएम वसुंधरा राजे और प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने महेश प्रताप सिंह को बीजेपी की सदस्यता दिलवाई।

भाजपा में शामिल होने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए पूर्व कांग्रेस नेता ठाकुर महेश प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि 13 साल बाद घर वापसी पर अच्छा महसूस कर रहा हूं। कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर गुटबाजी है। कार्यकर्ताओं में घुटन के कारण कांग्रेस छोड़ी है। मैं अपने समर्थकों के साथ मेवाड़ में पूरे जोश के साथ भाजपा के लिए काम करूंगा। बता दें, मेवाड़ के राजसमंद की नाथद्वारा सीट पर लंबे समय से बीजेपी काबिज रही है। विधायक कल्याण सिंह का देहांत हो जाने के कारण सीट अभी खाली है। ऐसे में माना जा रहा है कि महेश प्रताप सिंह इस सीट के लिए अपनी दावेदारी जता सकते हैं।

घर वापसी के बाद मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि सबकी तरफ से भाजपा परिवार में शामिल होने पर महेश प्रताप सिंह स्वागत करती हूं। नाथद्वारा का कोठारिया परिवार मेवाड़ का प्रतिष्ठित परिवार है। मेवाड़ में सभी लोग इस परिवार को जानते एवं पहचानते हैं। महेश प्रताप सिंह के भाजपा में शामिल होने पर भाजपा परिवार और अधिक मजबूत होगा।

Read more: लौह पुरुष की जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी ने किया स्टैच्यू आॅफ यूनिटी का लोकार्पण