news of rajasthan
Taking notes of Congress ministers, the whole country watched on TV: Vasundhara Raje.

प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपनी राजस्थान गौरव यात्रा के दौरान जालोर में विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में प्रदेश के तीन-तीन मंत्रियों को नोटों के बंडल लेते हुए पूरे देश ने टीवी पर देखा था। सीएम राजे ने सभा में मौजूद सामने बैठे लोगों से सवाल करते हुए कहा, ‘क्या वे ऐसे लोगों की सरकार बनाएंगे जिनका दीन-ईमान ही पैसा हो और जिनकी रग-रग में भ्रष्टाचार समाया हो? लोगों ने हाथ हिलाकर कहा ‘नहीं’। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को जालोर जिले में सुंधा माता की पहाड़ियों के नीचे आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात​ कही। उन्होंने कहा कि स्कूल खोलने और स्कूलों को क्रमोन्नत करने में उनकी सरकार ने कभी भी कांग्रेस की तरह भेदभाव नहीं किया। हमने प्रदेश में एक झटके में ही 6500 से अधिक स्कूल क्रमोन्नत किए हैं।

news of rajasthan
Image: मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे.

कांग्रेस के नेताओं ने कंगाल बताकर प्रदेश को किया बदनाम

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि एक तो कांग्रेस की सरकार थी जिसके मुख्यमंत्री दिल्ली, मुम्बई और बड़े-बड़े महानगरों में जाकर कहते थे कि हमारे पास विकास के लिए पैसा नहीं है। हमारा प्रदेश कंगाल है। इसलिए हम राजस्थान का विकास नहीं करा सकते और दूसरी तरफ हमारी सरकार है जो कहती है विकास के लिए हमारे पास पैसों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा पैसों की कमी किसी के पास नहीं होती, कमी होती है सेवा भाव की और दृढ़ इच्छा शक्ति की। उस वक्त कांग्रेस सरकार के पास न दृढ इच्छा शक्ति थी और न ही सेवा भाव। हमारी सरकार में दृढ़ इच्छा शक्ति भी है और सेवा भाव भी। हमारी सरकार ने हर गांव, ढाणी और प्रत्येक व्यक्ति के​​ लिए काम किया है। यही वजह है कि आज राजस्थान देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है।

हम बढ़ा रहे लाभार्थी का मान, कांग्रेस कर रही उनका अपमान

मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि हमारी सरकार मंच पर बुलाकर राज्य और केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभान्वितों को सम्मान दे रही है। जबकि कांग्रेस लाभान्वितों के बारे में बयान देकर उनका अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करोड़ों की संख्या में ऐसे लाभार्थी हैं जिन्होंने करीब 165 सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया है। भाजपा सरकार की प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, भामाशाह, भामाशाह स्वास्थ्य, पालनहार, ग्रामीण गौरव पथ जैसी कई योजनाओं ने प्रदेश के लोगों का जीवन बदला है।

Read More: मुख्यमंत्री राजे ने सरूपगंज में 34 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

दुष्कर्म के मामले में न मनमोहन सिंह बोले, न ही सोनिया गांधी

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि दिल्ली में देश की बेटी निर्भया के साथ जो हुआ था, वो सब जानते हैं। उस वक्त न देश के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कुछ बोले और न सोनिया गांधी। आज उनकी कांग्रेस कह रही है कि भाजपा के राज में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 12 साल तक की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के अपराध की सजा फांसी कर दी है। जिससे हमारी बच्चियां सुरक्षित रह सके। राजे ने कहा कि ऐसा कांग्रेस भी कर सकती थी, लेकिन वह महिलाओं के प्रति गंभीर नहीं थी। कांग्रेस जनता के बीच सिर्फ दिखावटी हमदर्दी बनती है।