शिलान्यास करती मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे

खाटूश्यामजी बनेगी नगरपालिका, 66 करोड़ की लागत से होंगे विकास कार्य

शिलान्यास करती मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे

ग्राम पंचायत खाटूश्यामजी को अब नगरपालिका का दर्जा दिया गया है। इससे खाटूश्यामजी क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और इस क्षेत्र का सुनियोजित विकास होगा। यह घोषणा की है मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने। साथ ही श्री खाटू धाम को टेम्पल टाउन के तौर पर विकसित करने के भी निर्देश दिए हैं। इससे तहत यहां 66 करोड़ रूपए के विकास कार्य किए जाएंगे। इससे देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को खाटूश्यामजी कस्बे में बेहतर यात्री सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री राजे खाटू धाम के विकास के लिए खाटू मंदिर विकास समिति एवं अधिकारियों के साथ चर्चा कर रही थी। इस मौके पर देवस्थान राज्यमंत्री राजकुमार रिणवा भी उपस्थित थे। जनसंवाद कार्यक्रम में खाटूश्यामजी के स्थानीय निवासियों ने यह मांग की थी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि कस्बे की आंतरिक और बाहरी सड़कों के विकास पर 41 करोड़ रूपए तथा यात्रियों के ठहरने और जन सुविधाओं के लिए 25 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने श्री  खाटूश्यामजी धाम में श्याम बाबा के दर्शन किए एवं पूजा की। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री खाटूश्यामजी के भक्तों के बीच पहुंच गईं और उनसे बातचीत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 15 अप्रैल को ट्रोमा सेन्टर का शिलान्यास करने के निर्देश दिए।

32 करोड़ रूपए की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने दांतारामगढ़ विधानसभा क्षेत्र की 32 करोड़ रूपए से अधिक लागत की परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। उन्होंने भारीजा से डांसरोली तक 7.5 करोड़ रूपए की लागत वाली सड़क के चौड़ाईकरण तथा 15.75 करोड़ रूपए की लागत से सात अन्य सड़कों के नवीनीकरण कार्यों का शिलान्यास और 1.75 करोड़ रूपए से निर्मित दांतारामगढ़ के तहसील भवन तथा 7.47 करोड़ रूपए की लागत से तैयार ग्रामीण गौरवपथ मार्गों का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खण्डेला कस्बे में 9 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 4 किलोमीटर बाईपास निर्माण की घोषणा भी की। दादिया रामपुर से बधाल तक सड़क निर्माण के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश भी दिए गए हैं।

मेधावी छात्राओं को स्कूटी और लैपटॉप भेंट

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने दो बालिकाओं को पद्माक्षी योजना के तहत तथा 7 बालिकाओं को बिखरी जनजाति योजना के तहत स्कूटी वितरित की। उन्होंने 4 छात्राओं को निःशुल्क लैपटॉप भी बांटे।

खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए सभी जिलों में लगेंगे शिविर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए जरूरी है कि उन्हें सरकार की ओर से दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि एवं अन्य संसाधनों का वितरण समय पर हो। इसके लिए उन्होंने जिला स्तर पर विशेष शिविर लगाने के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव खेल जेसी महान्ति को निर्देश दिए।

पेयजल परियोजना पूरी करने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने जलदाय विभाग के अधिकारियों से रींगस में 5 करोड़ रूपए की पेयजल परियोजना को शीघ्र पूरा करने का निर्देष दिया। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कांवट में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पटवारी का बास गांव में चारागाह भूमि पर बने मकानों के एवज में सिवायचक भूमि से चारागाह भूमि का डायवर्जन करने के प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा।

read more: ट्रैफिक पुलिस की महिला सब इंस्पेक्टर ने अपनी शादी कार्ड पर छपवाए यातायात के नियम