news of rajasthan
Image: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राजनाथ सिंह.

17वीं लोकसभा के लिए इस वर्ष होने वाले आम चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। एक बार फिर से लोकसभा चुनाव फतेह करने के लिए बीजेपी की तैयारियां जोरों पर चल रही है। इस रणनीति के तहत राजस्थान में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 10 फरवरी को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान का आगाज करेंगे। इसके बाद राजस्थान में संगठन के आला नेताओं के चुनावी दौरे शुरू होंगे। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के दौरे के बाद अब 16 फरवरी को केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह का भी चुनावी दौरा प्रस्तावित है। केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह अजमेर जिले के ब्यावर में अजमेर समेत 4 लोकसभा क्षेत्रों के करीब 4 हजार पार्टी नेता व पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इनके अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय स्तर के कई बड़े नेता भी राजस्थान का दौरा करेंगे। इनका कार्यक्रम बाद में तय किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी का कोटपूतली आने का चुनावी कार्यक्रम

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह का कार्यक्रम पहले से ही तय हो गया है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी राजस्थान आने का कार्यक्रम बन सकता है। पीएम मोदी 14 फरवरी को जयपुर जिले के कोटपुतली चुनावी कार्यक्रम में आ सकते हैं। अमित शाह के दौरे के बाद ​प्रधानमंत्री का राजस्थान आने का कार्यक्रम बन सकता है। मोदी के कोटपुतली आने की तैयारियां जोरों पर है। हालांकि अब तक प्रधानमंत्री कार्यालय से इसकी स्वीकृति नहीं आई है। पीएम मोदी राजस्थान आने से पहले मिशन 2019 के लिए हरियाणा जाएंगे। मोदी 12 फरवरी को लोकसभा चुनाव का शंखनाद करने के लिए कुरुक्षेत्र जा रहे हैं।

[alert-warning]Read Related Article: गहलोत-सरकार का इतना अहंकार ठीक नहीं है: पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़[/alert-warning]

शक्ति केन्द्र और बूथ केन्द्र पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे राजनाथ

प्रदेश भाजपा महामंत्री वीरमदेव सिंह ने बताया कि केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह का 16 फरवरी को राजस्थान प्रवास का कार्यक्रम तय हो चुका है। इस सम्बन्ध में संबंधित नेताओं को इसकी जानकारी पहले ही भेजी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि राजनाथ सिंह अजमेर जिले के ब्यावर में 16 फरवरी को भाजपा के शक्ति केन्द्र और बूथ केन्द्र पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इस बैठक में चार लोकसभा क्षेत्रों अजमेर, नागौर, राजसमंद और पाली से जुड़े बूथ व शक्ति केन्द्रों के पदाधिकारी शामिल होंगे। चारों लोकसभा क्षेत्र के करीब 4 हजार पार्टी नेता इस बैठक में  शामिल होंगे। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह उनमें आगामी लोकसभा चुनाव के लिए नया जोश भरेंगे और जीत का मंत्री देंगे।